कांग्रेस ने भाजपा को मतदाता, संघ और उपराष्ट्रपति चुनाव पर घेरा

नयी दिल्ली, 16 अगस्त (वार्ता) कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मतदाता सूची, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और उपराष्ट्रपति चुनाव पर घेरते हुए कहा कि उनकी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने जब-जब यात्रा शुरू की लोकतंत्र ने करवट ली है और इस बार बिहार में वोटर अधिकार यात्रा शुरू की जा रही है इसलिए वहां बदलाव आएगा।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने शनिवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में यह बात कही। उन्होंने मतदाता सूची मामले में भाजपा को घेरते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय स्वयं संघ (आरएसएस) का नाम लेने पर, उपराष्ट्रपति चुनाव और पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के गायब होने को लेकर भी घेरा।

श्री खेड़ा ने बिहार में वोटर अधिकार यात्रा की आधिकारिक जानकारी देते हुए कहा कि श्री गांधी की वोटर अधिकार यात्रा रविवार से बिहार की सासाराम में शुरू हो रही है जो 16 दिन में 1300 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। उनका कहना था कि यह बिहार में परिवर्तन की यात्रा होगी। उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में यात्रा से जुड़ने का आह्वान किया और यह यात्रा बिहार में बदलाव लाने वाली यात्रा साबित होगी।

उन्होंने कहा, “जब भी राहुल गांधी जी यात्रा के लिए निकले हैं, इस देश के लोकतंत्र ने करवट ली है। ‘वोटर अधिकार यात्रा’ एक ऐतिहासिक यात्रा होगी। हम सबके अस्तित्व की लड़ाई के लिए यह यात्रा एक मील का पत्थर साबित होगी। बिहार में कल से जो यात्रा शुरू हो रही है, वह लोगों को सजग करने की यात्रा है, क्योंकि साजिश करने वाले बाज नहीं आएंगे, वो वोट चुराने की कोशिश करेंगे।”

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि कल बिहार के सासाराम से ‘वोटर अधिकार यात्रा’ शुरू हो रही है। उन्होंने कहा कि 16 दिन की यात्रा एक सितंबर को पटना में एक विशाल रैली के साथ समाप्त होगी और इसमें इंडिया गठबंधन के नेता शामिल होंगे। यह यात्रा ‘एक व्यक्ति-एक वोट’ के अधिकार की लड़ाई के लिए की जा रही है।

उन्होंने कहा कि आजाद भारत में आजादी से सांस लेना इसलिए संभव है, क्योंकि हमारे पास वोट करने की ताकत है। श्री गांधी ने संघर्ष शुरु किया है, ताकि देश में हर एक नागरिक आजादी से सांस ले सके। श्री खेड़ा ने कहा कि जिस तरह से फर्जी वोट जोड़ने और काटने का खेल चल रहा था, उसमें भाजपा के लोग रंगे हाथों पकड़े गए हैं। अब सामान्य नागरिक भी वोट चोरी के सबूत निकालकर दे रहे हैं।

श्री खेड़ा ने कहा, “हमारे इंडिया गठबंधन के साथियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मिलकर अपील की, तो उच्चतम न्यायालय को भी इसमें दखल देना पड़ा। ये षड्यंत्र सिर्फ वोट छीनने का नहीं था। ये आपकी, हमारी पहचान छीनने का षड्यंत्र था।” उन्होंने कहा कि आज दलित, वंचित, पीड़ित, शोषित, अल्पसंख्यक से वोट देने का अधिकार छीना जा रहा है, कल उनकी भागीदारी छीनी जाएगी। इस देश के गरीब वर्ग पर हमले की साजिश रची जा रही थी, जिसके खिलाफ देश की जनता ने आवाज उठायी है।

इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार के सवाल पर श्री खेड़ा ने कहा, “धनखड़ साहब का पता चला क्या, कि आजकल वो कहां है, सही वक्त पर हम उम्मीदवार की जानकारी देंगे। उन्होंने कहा कि अभी इतनी जल्दी क्या है। अभी तो वे लोग भी नहीं तय कर पाए हैं कि उनका उपराष्ट्रपति पद के लिए कौन उम्मीदवार कौन होगा। इस मामले में आरएसएस, चंद्रबाबू नायडू, नीतीश कुमार सभी की अपनी राय है।” उन्होंने कहा, भाजपा में भी दो-तीन अलग-अलग समूह बन चुके हैं। पहले उन्हें तय करने दीजिए कि वह क्या करने वाले हैं।

श्री खेड़ा ने प्रधानमंत्री द्वारा लाल किले से आरएसएस की तारीफ करने और एनजीओ कहने पर निशाना साधते हुए कहा, “अगर संघ एनजीओ है तो कहां है उसका सर्टिफिकेट, उनके खाते कहां हैं। भगवान हमारे समाज और देश को ऐसे एनजीओ से बचाए, जिसने पहले 25 साल मुखबिरी करते हुए गुजारे और अगले 25 साल संविधान और तिरंगे का अपमान करते हुए गुजारे। उसके अगले 25 साल मंदिर और मस्जिद को लड़ने में बिता दिए और अब पिछले 25 साल दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक पिछड़ों के हक छीनने में निकाल दिए। ऐसे एनजीओ को जितनी जल्दी हो सके बंद हो जाना चाहिए और यह होगा।”

Next Post

भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक रविवार को, उप राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी पर होगा विचार

Sat Aug 16 , 2025
नयी दिल्ली,16 अगस्त (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को यहां पार्टी संसदीय बोर्ड की बैठक बुलाई है जिसमें उप राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के नाम पर मुहर लग सकती है। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री […]

You May Like