व्यापारी के गोदाम में रखा मिला पीडीएस का चावल 

आष्टा। कृषि उपज मंडी में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के चावल के अवैध भंडारण पर बड़ी कार्रवाई सामने आई है. कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सुश्री मृगी अग्रवाल द्वारा की गई इस कार्रवाई में 23 क्विंटल चावल जब्त किया गया. हालांकि, कार्रवाई के बाद भी संबंधित अधिकारी का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आने से पूरे मामले में पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं.

मंडी परिसर स्थित चेतन ट्रेडर्स, जिसके प्रोपराइटर रितेश जैन बताए जा रहे हैं, के गोदाम का निरीक्षण किया गया. जांच के दौरान वहां पीडीएस का चावल संदिग्ध परिस्थितियों में भंडारित पाया गया. मौके पर मौजूद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चावल जब्त किया और सैंपलिंग की प्रक्रिया कर वेयरहाउस में जमा कराया. अधिकारियों और स्टाफ ने गोदाम में रखी बोरियों की बारीकी से जांच की. प्रारंभिक तौर पर मामला पीडीएस चावल की संभावित कालाबाजारी से जुड़ा माना जा रहा है. हालांकि, इस संबंध में विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है. सूत्रों के अनुसार क्षेत्र के अन्य इलाकों, बस स्टैंड और अलीपुर क्षेत्र में भी पीडीएस चावल की कालाबाजारी की चर्चाएं सामने आ रही हैं. प्रशासन भले ही पीडीएस खाद्यान्न की कालाबाजारी पर सख्ती के दावे कर रहा हो, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी का पक्ष सामने नहीं आने से कार्रवाई की पारदर्शिता पर सवाल उठना लाजमी है. अब देखना है कि इस मामले में आखिर क्या कार्रवाई होती है.

जवाब से बचाव या व्यस्तता ?

जब कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी मृगी अग्रवाल से उनका पक्ष जानने के लिए बार-बार संपर्क किया गया, तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया. ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि क्या अधिकारी मीडिया के सवालों से दूरी बना रही हैं या फिर किसी अन्य व्यस्तता के चलते प्रतिक्रिया नहीं दे सकी. इस कार्रवाई को लेकर कई सवाल अभी भी जवाब की प्रतीक्षा में हैं। जैसे यह कार्रवाई कब से योजना में थी, क्या पहले भी इस तरह की शिकायतें मिली थीं. मामले में कितने लोगों की भूमिका जांच के दायरे में आएगी.

Next Post

शहर में सिविल डिफेंस मॉकड्रिल के साथ हुआ ब्लैक आउट

Fri Apr 24 , 2026
ग्वालियर। जिला प्रशासन व पुलिस की ओर से आज शुक्रवार को रात्रि सायंकाल 8 बजे बहोड़ापुर स्थित पुलिस लाइन में सिविल डिफेंस के अंतर्गत ब्लैक आउट एवं मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास के दौरान हवाई हमले की चेतावनी प्रणाली, ब्लैक आउट उपाय, आपातकालीन निकासी तथा खोज व बचाव […]

You May Like