
छतरपुर। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा 15 अगस्त से 15 सितंबर तक महीनेभर चलने वाले विशेष सेवा अभियान की शुरुआत कर दी गई है। अभियान के तहत जनहित और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर, सघन वृक्षारोपण और नशा मुक्ति अभियान प्रमुख रूप से शामिल हैं।
अभियान के प्रभावी संचालन के लिए अलग-अलग कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। स्वास्थ्य शिविर की कमान डॉक्टर निधि रूसिया, रक्तदान शिविर की जिम्मेदारी प्रियंका द्विवेदी और स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का दायित्व डॉक्टर सुनील अग्रवाल को सौंपा गया है। नशा मुक्ति अभियान का प्रभारी कृष्ण कुमार गुप्ता और वृक्षारोपण अभियान का प्रभारी डॉक्टर अजीत जायसवाल को बनाया गया है।
बैठक में प्रांत प्रतिनिधि राकेश शुक्ला राधे, महेश गिरी और रेडक्रॉस सचिव अनिरुद्ध सिंह सहित पदाधिकारी मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने अभियान केe सभी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का संकल्प लिया। महीनेभर चलने वाले इन अभियानों के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति का संदेश आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
