
ग्वालियर। समूचे ग्वालियर-चंबल अंचल में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने से आज सुबह से शाम तक जबरदस्त बारिश हुई। रुक-रुककर कभी तेज तो कभी मद्धिम बारिश से जहां उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिली है, वहीं तिघरा जलाशय का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक अंचल में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। बारिश के चलते सड़कों पर पानी भरने से जगह जगह ट्रैफिक जाम के हालात बन गए।
ग्वालियर में बुधवार सुबह लगभग 6 बजे बारिश शुरू हुई, जो दिनभर रुक-रुककर होती रही। शाम 5:30 बजे तक शहर में 45.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इससे पहले 6 अगस्त को 57.4 मिलीमीटर बारिश हुई थी। इस बारिश से अधिकतम तापमान में लगभग 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई और यह 28.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
*आसन नदी में बहे 2 युवक*
मुरैना के माता बसैया थाना क्षेत्र में भूमिया मंदिर के पास बुधवार को आसन नदी के तेज बहाव में बहे दोनों युवकों के शव आज एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिए। गुरुवार सुबह पहले ग्वालियर निवासी इरशाद खान का शव मिला था। इसके बाद लगातार चलाए गए रेस्क्यू अभियान में दूसरे युवक अशोक का शव भी बरामद कर लिया गया है। करीब 20 घंटे बाद दोनों शव नदी से बाहर निकाले जा सके। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। ईद के जुलूस के बाद ग्वालियर से तीन युवक माता बसैया क्षेत्र स्थित आसन नदी पर पहुंचे थे। दोनों तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए।
*दतिया में घनघोर बारिश से सब कुछ ठप, नदी का रपटा डूबा*
दतिया जिले में आज गुरुवार को भी जबरदस्त बारिश हुई है। रात में भी रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही। लगातार बारिश के कारण नदियों और जलस्रोतों का जलस्तर बढ़ने से तमाम इलाकों में जनजीवन ठप हो गया है।
*पहूज नदी का रपटा पुल डूबा*
पहूज नदी में पानी बढ़ने से रपटा पुल डूब गया। इसके चलते भांडेर-मोठ मार्ग पर आवागमन बंद कर दिया गया है। वहीं, माताटीला डैम के 20 गेट खोले जाने के बाद बेतवा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। स्थिति को देखते हुए बसई क्षेत्र के इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है।
*स्कूलों में अवकाश घोषित*
लगातार बारिश को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने आज गुरुवार को जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। इस बीच शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे मकानों के गिरने की घटनाएं भी हुई हैं।
*श्योपुर में भारी बारिश, खरीफ फसलों को राहत*
श्योपुर जिले में आज आधी रात से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। मौसम सुहावना हो गया और गर्मी-उमस से परेशान लोगों को राहत मिली। लंबे समय से नमी का इंतजार कर रहे किसानों को धान सहित खरीफ फसलों को फायदा मिलने की उम्मीद है। वैसे जिले में इस मानसून सीजन की कुल बारिश पिछले साल की तुलना में काफी कम है। कलेक्टर के अनुसार आज गुरुवार को जिले में औसतन 1.2 इंच बारिश दर्ज की गई।
*मगरमच्छ के हमले में किसान की मौत*
श्योपुर के ही रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के टर्रा कला गांव में आज गुरुवार की सुबह मगरमच्छ के हमले से एक किसान की मौत हो गई। यह घटना किन्नपुरा निवासी 45 वर्षीय प्रकाश रावत के साथ हुई। प्रकाश रावत भैरों बाबा के स्थान से लौट रहे थे और रास्ते में दोनी नदी के रपटे के पास हाथ-पैर धोने के लिए रुके थे तभी नदी से निकले एक मगरमच्छ ने उनके हाथ को अपने जबड़े में दबोच लिया और उन्हें पानी के अंदर खींचने लगा। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने रस्सी की मदद से उन्हें बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
*कूनो नदी में डूबे युवक का शव तीसरे दिन बरामद*
श्योपुर के कराहल ब्लॉक के सेसईपुरा गांव निवासी रामनिवास आदिवासी का शव आज गुरुवार की दोपहर कूनो नदी से बरामद हुआ है। वह नदी में डूबने के बाद लापता था। तीसरे दिन चलाए गए सर्च ऑपरेशन में चरऊ घाट के पास उसका शव मिला।
