आईएसबीटी बसों की टाइमिंग पर संशय, आरटीए ने मांगे ऑपरेटर्स से आवेदन

सतना: नए आईएसबीटी से संचालित होने वाली बसों की टाइमिंग को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है। कई बसों की दूरी या तो बढ़ गई है या फिर कम हो गई है, जिससे बस संचालन में असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसी के मद्देनजर क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण ने ऐसे सभी बस ऑपरेटर्स से आवेदन आमंत्रित किए हैं, जिनकी बसों की समय-सारिणी या परमिट समय चक्र में बदलाव हुआ है।

प्राधिकरण द्वारा स्पष्ट किया गया है कि इस संबंध में शीघ्र ही कार्यवाही की जाएगी। मोटरयान अधिनियम 1988 की धारा 72 एवं 80 के प्रावधानों के तहत बस ऑपरेटर्स को परमिट के समय चक्र में किसी भी प्रकार के परिवर्तन के लिए रीजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी के समक्ष विधिवत आवेदन प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। इन आवेदनों का यथोचित निराकरण आरटीए द्वारा नियमों के अनुसार किया जाएगा। कमिश्नर एवं रीजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी बीएस जामोद ने इस संबंध में सतना कलेक्टर को पत्र प्रेषित कर संभाग के सभी जिलों के आरटीओ को निर्धारित प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
 बहाल हुई बस सेवा 
इधर, गुरुवार देर शाम प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ हुई बैठक तथा कलेक्टर द्वारा गठित समिति की पहल के बाद शुक्रवार से सतना के पुराने बस स्टैंड से सतना-चित्रकूट, नागौद, पन्ना और सेमरिया रूट की बसों का संचालन पुन: शुरू हो गया है। उल्लेखनीय है कि फिलहाल 6 फरवरी तक कलेक्टर द्वारा गठित समिति के समक्ष अभ्यावेदन प्रस्तुत होने तक बस ऑपरेटर्स ने अपनी हड़ताल स्थगित कर रखी है। इससे बस संचालकों के साथ-साथ आम यात्रियों को हो रही परेशानी से भी राहत मिली है और शहर में यातायात व्यवस्था धीरे-धीरे सामान्य होती नजर आ रही है।

Next Post

विपुल अमृतलाल शाह की फिल्म द केरला स्टोरी 2: गोज़ बियॉन्ड का टीज़र हुआ रिलीज़

Sat Jan 31 , 2026
मुंबई, (वार्ता) बॉलीवुड फिल्मकार विपुल अमृतलाल शाह की आने वाली फिल्म द केरला स्टोरी 2: गोज़ बियॉन्ड का टीज़र रिलीज़ हो गया है। डर, गुस्से और सच्चाई से भरे हर फ्रेम के साथ द केरला स्टोरी 2: गोज़ बियॉन्ड का टीज़र पहले चैप्टर से कहीं ज्यादा तीखा और गंभीर संकेत […]

You May Like