लखनऊ, 04 जुलाई ( वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को लखनऊ में कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है और पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए पूरी ताकत से जुटेगी।
लखनऊ में हनुमान सेतु मंदिर में दर्शन करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, “यूपी के लोग परिश्रम से जाने जाते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तम प्रदेश बनाने में लगे हैं। उपमुख्यमंत्रियों के साथ मिलकर प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का काम हो रहा है।”
नितिन नवीन ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब केवल देश का सबसे बड़ा राज्य नहीं, बल्कि देश के विकास को गति देने वाला प्रदेश बनकर उभर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा संगठन और सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में उत्तर प्रदेश अहम भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी का पूरा ध्यान संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने पर है, ताकि वर्ष 2027 में भाजपा लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बना सके।
