इस्लामाबाद, 21 फरवरी (वार्ता) पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत में एक पुलिस चेक पोस्ट पर अज्ञात बंदूकधारियों द्वारा किए गए हमले में दो पुलिसकर्मी मारे गए हैं और एक अन्य घायल हो गया है।
अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने एक बयान में कहा कि हमला प्रांतीय राजधानी क्वेटा के बाहरी इलाके में गुरुवार रात स्थानीय समयानुसार रात करीब 8:40 बजे हुआ।
घायल अधिकारी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हमले के बाद भागे हमलावरों को पकड़ने के लिए सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया। अभी तक किसी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
उल्लेखनीय है कि क्षेत्रफल के हिसाब से देश के सबसे बड़े प्रांत बलूचिस्तान में हाल के महीनों में आतंकवादी हमलों में वृद्धि देखी गई है, जिसमें अक्सर सुरक्षा कर्मियों को निशाना बनाया जाता है।
