आर्कटिक ओपन: किदांबी श्रीकांत और एचएस प्रणय पहले ही राउंड में बाहर

वांता, 08 अक्टूबर (वार्ता) भारत के स्टार बैडमिंंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत और एचएस प्रणय अपने-अपने पुरुष एकल मुकाबले हार कर आर्कटिक ओपन 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पहले ही दौर में बाहर हो गये। वहीं युगल मुकाबले में बिना वरीयता प्राप्त कृष्णा प्रसाद गरागा और पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय ने चीन की जोड़ी पर चौकाने वाली जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई। बुधवार को खेले गये मुकाबले में पुरुष एकल बैडमिंटन रैंकिंग में 31वें नंबर पर मौजूद श्रीकांत ने कनाडा के वर्ल्ड नंबर 34 ब्रायन यांग के खिलाफ पहला गेम तो जीता, लेकिन आखिर में 15-21, 21-15, 21-13 से हार गए।

पूर्व वर्ल्ड नंबर वन खिलाड़ी का इस साल बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर पर सबसे अच्छा नतीजा जून में यूएस ओपन सुपर 300 में रनर-अप रहना रहा है। इस साल बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर इवेंट्स में वे आठ बार पहले ही राउंड में बाहर हो चुके हैं।
वहीं, वर्ल्ड नंबर 38 प्रणय को डेनमार्क के चौथी वरीयता प्राप्त एंडर्स एंटोनसेन ने हराया। 34 साल के भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी, जो पिछले महीने वियतनाम ओपन सुपर 100 के सेमीफाइनल में पहुंचे थे, डेनिश खिलाड़ी को कोई खास चुनौती नहीं दे पाए और 21-10, 21-9 से हारकर बाहर हो गए।

हालांकि, भारत को पुरुष युगल में एक शानदार नतीजा मिला, जब बिना वरीयता प्राप्त कृष्णा प्रसाद गरागा और पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय ने चीन के पांचवीं वरीयता प्राप्त ही जी टिंग और रेन जियांग यू को चौंका दिया। पहला गेम हारने के बाद भारतीय जोड़ी ने वापसी की और 61 मिनट में 10-21, 21-18, 22-20 से जीत हासिल कर राउंड ऑफ 16 में जगह बनाई।

कृष्णा प्रसाद और पृथ्वी का अगला मुकाबला इंग्लैंड के ओलिवर बटलर और सैमुअल जोन्स से होगा।
वहीं, तरुण मन्नेपल्ली ने यह पक्का किया कि पुरुष सिंगल्स ड्रॉ में भारत की मौजूदगी बनी रहे। मंगलवार को क्वालिफ़ायर से मुख्य दौर में पहुंचे भारतीय शटलर ने डेनमार्क के मैग्नस जोहानसेन को 21-16, 21-14 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई। क्वार्टर फ़ाइनल में जगह बनाने के लिए तरुण का मुक़ाबला फ़्रांस के दूसरे सीड खिलाड़ी क्रिस्टो पोपोव से होगा। क्वालिफ़ाइंग के ज़रिए मुख्य ड्रॉ में जगह बनाने वाले रौनक चौहान, चीन के वेंग होंग यांग के ख़िलाफ़ कड़े मुक़ाबले के बाद बाहर हो गए। पहला गेम हारने के बाद चौहान ने वापसी करते हुए मैच को निर्णायक गेम तक पहुँचाया, लेकिन आख़िरकार वेंग होंग यांग ने 22-20, 20-22, 21-17 से जीत हासिल की।

.....

Next Post

ओंकारेश्वर मंदिर कर्मचारियों के लिए आयुष्मान कार्ड शिविर का आयोजन

Thu Oct 8 , 2026
ओंकारेश्वर। मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधक राव पुष्पेंद्र सिंह और CEO एसडीएम पंकज वर्मा के निर्देशन में प्रसादालय में आयुष्मान वय वंदन योजना के तहत शिविर लगाया गया। शिविर में ट्रस्ट और आउटसोर्स कर्मचारियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। प्रभारी मनोज त्रिवेदी ने पात्र कर्मचारियों को दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने […]

You May Like