
आईएमए के 32वें इंटरनेशनल मैनेजमेंट कॉनक्लेव का समापन
गोदरेज इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर नादिर बी. गोदरेज को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया.
इंदौर: इंदौर मैनेजमेंट एसोसिएशन के इंटरनेशनल मैनेजमेंट कॉन्क्लेव का ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में शनिवार को समापन हुआ. दो दिवसीय आयोज में उद्योग जगत दिग्गजों ने मैनेजमेंट के टिप्स दिए. उद्यमेन हि सिद्ध्यंति (सफलता उद्यमियों को मिलती है) थीम पर आधारित सत्रों ने सभी को चुनौतियों को अपनाने, अवसरों का लाभ उठाने और उत्कृष्टता को पुनर्परिभाषित करने के लिए प्रेरित किया. दूसरे दिन इंदौर मैनेजमेंट एसोसिएशन ने उद्योग, सतत विकास और सामाजिक प्रभाव में योगदान के लिए गोदरेज इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर नादिर बी. गोदरेज को प्रतिष्ठित लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया.
अपने उद्बोध में उद्योगपति नादिर गोदरेज ने नवाचार और स्थिरता को राष्ट्र सेवा का आधार बताया. उन्होंने धैर्य और निरंतरता को सफलता की कुंजी मानते हुए ईएसजी को व्यापार का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया. निर्णय लेने में आम सहमति व सक्रिय सुनने की आवश्यकता बताई, जिससे नए दृष्टिकोण उभर सकें. उन्होंने कहा कि सही कार्य करने में कभी संकोच न करें. अपने काम का आनंद लें; यदि नहीं, तो उसमें ऐसा बदलाव करें जो उसे संतोषजनक बना सके. सफलता के लिए निरंतरता मेहनत से अधिक महत्वपूर्ण होती है. निर्णय आम सहमति से लिए जाने चाहिए. विभिन्न दृष्टिकोणों को समझने के लिए सक्रिय रूप से सुनना आवश्यक है. असहमति अवसर होते है- समझने का प्रयास करें, आहत न हों.
समान अवसरों के लिए संतुलित विकास आवश्यक
कोटक म्यूचुअल फंड के एमडी निलेश शाह ने भारत की असमान आर्थिक वृद्धि को संतुलित करने की जरूरत बताई. उन्होंने युवाओं को कलियुग के अभिमन्यु बताते हुए आर्थिक परिवर्तन में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा भारत में महंगाई दर दो अंकों से घटकर एक अंक पर आ गई है और आगे और गिरावट की संभावना है. भारत की वृद्धि क्षेत्रीय और औद्योगिक स्तर पर असमान है, इसलिए समान अवसरों के लिए संतुलित विकास आवश्यक है. केवल प्रतिभा का संरक्षण ही नहीं, बल्कि उसका सतत विकास और सही दिशा में उपयोग ही सच्ची प्रगति की कुंजी है.
महान विचार सफल व्यवसायों की नींव
रूट मोबाइल के एमडी रजदीप गुप्ता ने कहा कि मजबूत बिजनेस का आधार पैसा नहीं, बल्कि समय, धैर्य और विश्वास होता है. गुप्ता ने डीपफेक को डिजिटल दुनिया के लिए बड़ा खतरा बताते हुए एआई डिटेक्शन और जनजागरूकता पर ध्यान देने की बात कही. उन्होंने कहा महान विचार सफल व्यवसायों की नींव होते हैं. मजबूत व्यवसाय समय, धैर्य और विश्वास पर फलते-फूलते हैं. असफलता का डर उद्यमशील सफलता को प्रेरित करता है, जिससे लचीलापन और सीखने की क्षमता बढ़ती है. हमेशा अपने प्रतिस्पर्धियों का सम्मान करें और उनका विश्लेषण करें- उन्हें कभी भी कमतर न आंके
