मैं बस इतना कहूंगा कि सूर्यवंशी ने तबाही मचा दी : तिलक वर्मा

दोहा, 24 नवंबर (वार्ता) भारत ए के कप्तान तिलक वर्मा ने वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बल्लेबाजी की तारीफ़ करते हुए कहा कि उनके बारे में बताने के लिए शब्द नहीं हैं। मैं बस इतना कहूंगा कि उन्होंने तबाही मचा दी। जिस तरह से उन्होंने बल्लेबाजी की, मुझे लगता है कि पहले पांच ओवरों में ही मैच का फैसला हो गया था।

तिलक ने मैच के बाद कहा, ”पांच ओवर में हम 100 रन पर थे, और उसके बाद उन्होंने जिस तरह से बल्लेबाजी जारी रखी, उसे देखना शानदार था। भारतीय डगआउट की प्रतिक्रियाओं पर तिलक ने कहा, ”सच कहूं तो, इसमें कुछ खास नहीं था। सभी जानते हैं कि वह कितने अच्छे छक्के लगा सकते हैं। इसलिए जब वह इस तरह से खेल रहे थे, तो हर कोई बस यही कह रहा था – “मार, मारो, मारो।” बस यही। हर कोई बस मजे ले रहा था और देख रहा था। यहां तक कि जब गेंद चौके के लिए गई, तो किसी ने उस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। सब बस यही पूछ रहे थे, “छक्का मारा क्या? छक्का मारा क्या?” बस ऐसा ही माहौल था। यह एक बहुत अच्छी पारी थी, देखने में शानदार, अब तक की बेहतरीन पारियों में से एक।

अरशद खान के चार विकेट लेने पर कप्तान ने कहा, ”बिल्कुल शानदार। अपने पहले ही मैच में अरशद ने जिस तरह से गेंदबाजी की, वह आने वाले मैचों के लिए हमारे लिए बहुत अहम है। उम्मीद है कि उनका आत्मविश्वास काफी बढ़ा होगा। इसके अलावा, अगर आप देखें तो पिच बल्लेबाजी के लिए बहुत अच्छी थी, और अरशद ने जिस तरह से गेंदबाजी की – बाउंसर का इस्तेमाल किया और अपनी लाइन-लेंथ में बदलाव किया – वह बहुत प्रभावशाली था। वह अपनी गेंदबाजी में बहुत सटीक थे, इसलिए इसका श्रेय उन्हें भी जाता है।

बल्लेबाजी क्रम में रिंकू सिंह को ऊपर भेजने पर तिलक ने कहा, ”सच कहूं तो, इसके पीछे और कोई खास वजह नहीं थी। मुझे अपने बाईं तरफ थोड़ी जकड़न महसूस हो रही थी, इसलिए मैं सेमीफाइनल से पहले कोई रिस्क नहीं लेना चाहता था। मुझे पता था कि यह बैटिंग के लिए बहुत अच्छी पिच है, और हमने सोचा था कि हम बस एक या दो विकेट खोकर ही टारगेट हासिल कर लेंगे। यही प्लान था, लेकिन बदकिस्मती से अभिषेक जल्दी आउट हो गए। इसलिए मुझे लगा कि रिंकू को भी बैटिंग का मौका मिलना चाहिए, क्योंकि उसे पिछले कुछ मैचों में बैटिंग करने का मौका नहीं मिला था।

तिलक ने कहा,”प्लान के मुताबिक उसे हमेशा की तरह नंबर पांच पर ही बैटिंग करनी थी, लेकिन मुझे अपने बाईं तरफ थोड़ी जकड़न महसूस हो रही थी। इसलिए मुझे लगा कि उसे बीच में कुछ समय बिताने और कुछ गेंदें खेलने का मौका मिल जाएगा। सेमीफाइनल के लिए टीम की तैयारियों पर उन्होंने कहा, ”हमारे लिए सेमीफाइनल जीतना बहुत जरूरी है, और हम इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं। आज के मैच से हमें बैटिंग और बॉलिंग, दोनों में काफी आत्मविश्वास मिलेगा। तो देखते हैं कि सेमीफाइनल में क्या होता है। उम्मीद है कि सब अच्छा रहे।

 

Next Post

विकेट अच्छा था, इसलिए मैंने खुलकर शॉट्स खेले : सूर्यवंशी

Tue Nov 24 , 2026
दोहा, 24 नवंबर (वार्ता) अपने तूफानी दोहरे शतक से ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने वैभव सूर्यवंशी ने मंगलवार को कहा,”मैं पिछले दो मैचों में अच्छी शुरुआत के बाद आउट हो गया था, इसलिए आज मैं एक लंबी पारी खेलना चाहता था। विकेट अच्छा था, इसलिए मैंने खुलकर शॉट्स खेले।” सूर्यवंशी […]

You May Like