इंदौर:सायबर अपराधों से सुरक्षा को लेकर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सेफ क्लिक अभियान के तहत सोमवार को कान्य कुब्ज कॉलेज, स्कीम नं. 54 में एक विशेष सायबर सुरक्षा सेमिनार आयोजित किया गया. कार्यक्रम में विजय नगर थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल के मार्गदर्शन में करीब 450 छात्र-छात्राओं को सायबर फ्राड से बचाव के तरीके बताए गए, जिनमें 300 छात्राएँ भी शामिल रहीं.
सेमिनार में खासतौर पर महिलाओं की सोशल मीडिया सुरक्षा पर फोकस किया गया. छात्राओं को बताया गया कि कैसे वे ऑनलाइन ठगी, साइबर स्टॉकिंग और डिजिटल धोखाधड़ी से बच सकती हैं. उन्हें सुरक्षित पासवर्ड बनाने, अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने, सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचने और संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों की रिपोर्ट करने जैसे महत्वपूर्ण टिप्स दिए गए.
सायबर सुरक्षा के साथ-साथ नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर भी जागरूकता फैलाई गई. पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 100, 181, 1930, 1090 और सायबर पोर्टल के बारे में विस्तृत जानकारी दी, ताकि वे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद ले सकें. पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से अपील की कि वे डिजिटल जागरूकता बढ़ाएँ और किसी भी तरह की ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें. यह सेमिनार महिला सुरक्षा और डिजिटल स्वच्छता की दिशा में एक अहम कदम साबित हुआ.
