मोदी, जयशंकर की कनाडा की विदेश मंत्री से मुलाकात, रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने पर जोर

नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (वार्ता) भारत यात्रा पर आई कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने बुधवार को यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से अलग-अलग मुलाकात की, जिनमें दोनों देशों के बीच व्यापार, प्राैद्योगिकी, सुरक्षा, ऊर्जा, शिक्षा, रक्षा और निवेश सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।

दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचार साझा किए। श्री मोदी ने कनाडाई नेता से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर कहा कि कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद से मिलकर खुशी हुई। उनके साथ भारत-कनाडा संबंधों को व्यापार, प्रौद्योगिकी, सुरक्षा, ऊर्जा, शिक्षा और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में और मजबूत करने पर उपयोगी चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत कनाडा के साथ रचनात्मक और भविष्य को ध्यान में रखकर रणनीतिक साझेदारी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह साझेदारी दोनों देशों के लोगों को ठोस लाभ पहुंचाएगी। उल्लेखनीय है कि सुश्री आनंद के यहां पहुंचने से ठीक पहले श्री मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने फोन पर बात की थी।

श्री जयशंकर ने भी कनाडा की विदेश मंत्री के साथ बातचीत के बाद सोशल मीडिया पर कहा कि बैठक में दोनों देशों के संबंधों में व्यापार और निवेश, शिक्षा, ऊर्जा, रक्षा तथा लोगों के बीच संपर्क के क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान प्रमुख क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ।

श्री जयशंकर ने कहा कि दोनों देशों के नेतृत्व के मार्गदर्शन और सरकारों तथा उद्योग जगत के बीच लगातार बातचीत के आधार पर भारत-कनाडा रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाया जा रहा है। सुश्री आनंद दो दिन की भारत यात्रा पर मंगलवार को यहां पहुंची थी।

 

Next Post

संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय के दोहरे मानदंड से बहुपक्षवाद में भरोसा कम हो जाएगा: भारत

Wed Oct 14 , 2026
नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (वार्ता) भारत ने राजधानी दिल्ली में विरोध प्रदर्शनों के बारे में कुछ दिन पहले संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त कार्यालय के बयान को एक बार फिर खारिज करते हुए कहा है कि यदि इस तरह की संस्थाएं दोहरा मानदंड अपनाते हुए चुनिंदा मामलों में प्रतिक्रिया करेंगी तो […]

You May Like

Play sound