मौसम का जादूः पिकनिक स्पॉट सैलानियों से गुलजार

महू: रविवार की छुट्टी और सुहावने मौसम के मेल ने महू इलाके के पर्यटन स्थलों पर रौनक ला दी. मानसून के इस खुशनुमा मौसम का लुत्फ उठाने के लिए हजारों की संख्या में सैलानी अपने परिवार और दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचे. क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों जाम गेट, पातालपानी, वांचू पॉइंट और जानापाव में सुबह से ही पैर रखने की जगह नहीं थी. वीकेंड पर न केवल स्थानीय लोग, बल्कि इंदौर, धार और देवास सहित आस-पास के कई जिलों से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचे. दोपहर होते-होते स्थिति यह हो गई कि सभी मुख्य पर्यटन स्थलों पर भारी भीड़ जमा हो गई.
पार्किंग फुल, रास्तों पर लगी गाड़ियों की कतारें
पर्यटकों की भारी आमद के कारण व्यवस्थाएं भी छोटी पड़ती दिखीं. कई प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पार्किंग पूरी तरह गाड़ियों से खचाखच भर गई. इसके चलते मुख्य रास्तों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं, जिससे लोगों को थोड़ी आवाजाही में परेशानी का सामना भी करना पड़ा.

हरियाली और झरनों के बीच खिंचवाई सेल्फी
यहां पहुंचे सैलानियों ने चारों ओर फैली हरियाली, खूबसूरत पहाड़ियों और बहते झरनों के बीच ठंडी हवा का जमकर आनंद लिया. युवाओं और बच्चों में फोटोग्राफी और सेल्फी लेने का जबरदस्त क्रेज देखा गया. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी प्रकृति के इस सुंदर नजारे को देखकर बेहद उत्साहित नजर आए. पर्यटकों की इस भारी भीड़ ने स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी रफ्तार दी है. यहां के दुकानदारों, खान-पान के स्टॉल धारकों और छोटे व्यापारियों के चेहरे भी खिल उठे. उनकी अच्छी खासी बिक्री हुई.

Next Post

अपने शहरों की पहचान हैं भारत की ये 7 मशहूर मिठाइयां, स्वाद के साथ जुड़ा है इनका इतिहास

Mon Jul 13 , 2026
भारतीय मिठाइयां अक्सर त्योहारों और जश्न से जुड़ी होती हैं। कई मिठाइयों के नाम उस जगह के नाम पर रखे गए हैं, जहां इनका ईजाद हुआ है। आगरा के पेठे से लेकर मथुरा के पेड़े तक। आइए, कुछ सबसे मशहूर मिठाइयों पर नजर डालें। पेठा- यह सबसे मशहूर मिठाइयों में […]

You May Like