
चितरंगी । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र डैनिया शेरवा में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष प्रवेन्द्र धर द्विवेदी मुख्य अतिथि के रूप में सहभागी हुए। कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। गर्भवती माताओं की गोदभराई, नन्हे-मुन्ने बच्चों का अन्नप्राशन, पौधारोपण तथा बच्चों को मिष्ठान वितरण कर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर प्रवेन्द्र धर द्विवेदी ने कहा कि आंगन मिलन सेवा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि ममता, संस्कार और सेवा का उत्सव है।
आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और संस्कार की मजबूत नींव तैयार करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बहनें गांव-गांव में माताओं और बच्चों तक सेवा एवं जागरूकता पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं, जिसके लिए उनका सम्मान करना समाज का दायित्व है। उन्होंने कहा कि मेरी आंगनवाड़ी, मेरी जिम्मेदारी की भावना के साथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आंगनवाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। बच्चों का बेहतर स्वास्थ्य, मातृशक्ति का सम्मान और पर्यावरण संरक्षण ये सभी मिलकर एक स्वस्थ, संस्कारवान और सशक्त समाज की आधारशिला बनते हैं।कार्यक्रम में किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष राजेश द्विवेदी, भाजपा वरिष्ठ नेता अजमेर सिंह, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
