चेकिंग से बचने नशेड़ी ड्राइवर ने जवान को मारी टक्कर

इंदौर:लसूड़िया थाना क्षेत्र में रात के वक्त तेज रफ्तार और लापरवाही का खतरनाक नजारा सामने आया, जब पुलिस चेकिंग से बचने की कोशिश में एक इनोवा चालक ने न सिर्फ सड़क पर लगाए गए बैरिकेड्स तोड़ डाले, बल्कि ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस जवान को टक्कर मारकर घायल कर दिया. घटना के बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन लेकर फरार हो गया, लेकिन मौके पर गिरी इनोवा की नंबर प्लेट से पुलिस आरोपी तक पहुंचने की कोशिश में जुटी.

थाना प्रभारी तारेश कुमार सोनी ने बताया कि घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है. डीआरपी लाइन का पुलिस बल सत्य साईं चौराहे पर चेकिंग पॉइंट लगाकर वाहनों की जांच कर रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही इनोवा नम्बर एमपी 09 बीई 0227 को पुलिस ने रुकने का इशारा किया. चालक ने रुकने के बजाय गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी और सामने लगे सुरक्षा बैरिकेड्स को तोड़ते हुए आगे निकलने की कोशिश की.

इस दौरान चेकिंग में तैनात सिपाही रवि चंद्रवंशी ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, तभी इनोवा ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर से जवान सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया. इसी दौरान कार की नंबर प्लेट टूटकर मौके पर ही गिर गई. घटना के बाद साथी पुलिसकर्मियों ने तुरंत घायल जवान को बॉम्बे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है. मामले में लसूड़िया पुलिस ने घटनास्थल से मिली नंबर प्लेट के आधार पर वाहन मालिक की पहचान कर ली है और फरार चालक की तलाश की जा रही है.

Next Post

कलेक्टर बालागुरु के ने सारू-मारू की गुफाओं का किया निरीक्षण

Sat Jan 17 , 2026
बुधनी। कलेक्टर बालागुरू के ने ग्राम पान गुराडिय़ा स्थित ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व की सारू-मारू की गुफाओं बौद्ध स्तूपों एवं शिलालेखों का अवलोकन किया और प्राचीन धरोहर के संरक्षण के संबंध में जानकारी लेते हुए कहा कि सारू-मारू की गुफाएं जिले की ऐतिहासिक पहचान हैं. गौरतलब है कि सारू-मारू की […]

You May Like