जोमेटो डिलीवरी बॉय बनकर पुलिस ने ठग को पकड़ा

*आर्मी अफसर से 31 लाख की ठगी करने वाला सागर कौरव गिरफ्तार*

ग्वालियर। राज्य साइबर जोन ग्वालियर की टीम ने 31 लाख रुपए की ठगी करने वाले आरोपी सागर कौरव को इंदौर से नाटकीय ढंग से गिरफ्तार कर लिया। खास बात यह रही कि पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए खुद को जोमेटो का डिलीवरी बॉय बनाकर उसकी रेकी की और तीन दिन की मेहनत के बाद उसे धर दबोचा। सागर पिछले पांच महीनों से पुलिस को लगातार चकमा दे रहा था। उसकी गिरफ्तारी से ठगी के बड़े रैकेट का खुलासा होने की उम्मीद है।

अक्टूबर 2023 में ग्वालियर के मुरार कैंट निवासी एक आर्मी ऑफिसर को फोन कॉल आया। फोन करने वाले ने खुद को शेयर मार्केट का रिसर्चर बताया और मोटे मुनाफे का लालच दिया। इस झांसे में आकर अधिकारी ने धीरे-धीरे 31 लाख रुपए निवेश कर दिए। जब अफसर ने लाभ उठाने की कोशिश की, तो न पैसा मिला, न लाभ। तब जाकर उन्हें ठगी का एहसास हुआ और 1 मार्च 2024 को राज्य साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई।

गिरफ्तार आरोपी सागर कौरव भिंड जिले के दबोह कस्बे का रहने वाला है। बीएससी साइंस से स्नातक सागर ने खुद को पहले सागर राठौर नाम से परिचित कराया था। पूछताछ में सागर ने खुलासा किया कि उसने ठगी करने का आइडिया विभिन्न क्राइम सीरियल्स देखकर लिया था। इसके बाद उसने इंदौर में एक फर्जी कॉल सेंटर स्थापित कर अपने रैकेट को फैलाया।

सागर कौरव अकेला नहीं था। उसकी गैंग में रोहित जादौन, ऋषभ ओझा, दीपक शर्मा, ऋषभ शर्मा और अरुण शर्मा जैसे सदस्य भी शामिल थे। पुलिस ने 25 नवंबर 2024 को इंदौर और भिंड से इन पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया था। मास्टरमाइंड सागर गिरफ्तारी से बचता रहा, लेकिन अब उसके भी हाथ बंध गए हैं।

साइबर सेल ग्वालियर की टीम ने सागर कौरव को पकड़ने के लिए बेहद सूझबूझ से योजना बनाई। सूचना मिली कि सागर इंदौर में छिपा हुआ है। टीम ने जोमेटो डिलीवरी बॉय का वेश धारण कर इलाके में उसकी रेकी की और तीन दिन के ऑपरेशन के बाद 26 अप्रैल 2025 को उसे दबोच लिया।

Next Post

मकोडिय़ा आम नाके से खाक चौक तक सिंहस्थ भूमि के अतिक्रमण हटाए 

Sun Apr 27 , 2025
उज्जैन। नगर निगम ने अवैध निर्माण अतिक्रमण हटाना प्रारंभ कर दिए हैं। रविवार को नगर निगम द्वारा जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के साथ मकोडिया आम नाके से लेकर खाक चौक तक संयुक्त रूप से कार्रवाई की गई। इस दौरान जेसीबी पोकलेन ट्रैक्टर ट्राली सहित नगर निगम के संसाधन लगाए […]

You May Like