ग्वालियर: रेलवे अधिकारियों ने ग्वालियर स्टेशन से होकर जाने वाली भोपाल निजामुद्दीन वंदेभारत एक्सप्रेस में कोच बढाने का निर्णय लिया है। इसके लिए अब रेलवे बोर्ड की मंजूरी मांगी गई है।जानकारी के अनुसार ट्रेन में तेजी से बढती यात्रियों की संख्या को देखते हुए रानी कमलापति-हजरत निजामुद्दीन वंदे भारत एक्सप्रेस में कोच बढाए जा रहे है। इससे रेल यात्रियों को खासी राहत मिल सकेगी।
रेल मंडल ने रेलवे बोर्ड को वंदे भारत ट्रेन में 4 कोच बढाने का प्रस्ताव भेजा है। मंडल अधिकारियों के अनुसार बोर्ड से इसकी जल्द मंजूरी मिल सकती है। रानी कमलापति-हजरत निजामुद्दीन वंदे भारत एक्सप्रेस अभी 16 कोच की ट्रेन है। इसमें 2 एग्जीक्यूटिव क्लास कोच और 14 एसी चेयर कार कोच है। इस प्रकार कुल 1128 सीटें है। 4 कोच बढाने पर रानी कमलापति-हजरत निजामुद्दीन वंदेभारत में 432 सीटें बढ जाएंगी।
कमलापति–हजरत निजामुद्दीन वंदे भारत एक्सप्रेस को 20 कोच की करने से इसमें रोज 1560 यात्री सफर कर सकेंगे। नया प्रस्ताव मंजूर होने पर ट्रेन में 2 एसी चेयर कार और 2 एग्जीक्यूटिव क्लास कोच बढ़ जाएंगे। इस प्रकार रानी कमलापति–हजरत निजामुद्दीन वंदे भारत एक्सप्रेस में कुल 4 एग्जीक्यूटिव क्लास और 16 चेयर कार कोच हो जाएंगे।
