इंदौर:गांधी नगर थाना क्षेत्र के एक गांव में किसान द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है. 35 वर्षीय किसान ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी. घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब उसकी पत्नी और बच्चे खेत से काम कर वापस लौटे.मृतक की पहचान अर्जुन पिता रामरतन मकवाना, उम्र 35 वर्ष के रूप में हुई है. परिजनों ने पुलिस को बताया कि अर्जुन खेती किसानी करता था.
मंगलवार को वह खेत पर काम करने के बाद यह कहकर घर लौटा था कि वह लाइट सुधारने जा रहा है. शाम के समय आसपास के लोगों ने भी उसे बिजली सुधारते देखा था. शाम करीब सात बजे जब उसकी पत्नी और बेटी खेत से घर पहुंचीं तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला. आवाज देने पर भी दरवाजा नहीं खुला, जिसके बाद अर्जुन के बड़े भाई को बुलाया. दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर अर्जुन फंदे पर लटका मिला.
उस समय उसकी सांसें चल रही थीं, परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. अर्जुन के परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं. उसके माता पिता वर्तमान में धार में हैं, जहां उसकी मां का इलाज चल रहा है. आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है. मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला. गांधी नगर थाना प्रभारी अनिल यादव का कहना है कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है.
