मुंबई, 13 अक्टूबर (वार्ता) मशहूर कोरियोग्राफर टेरेंस लुईस फिल्म ‘आज का महिषासुर’ से अभिनय की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। नवरात्रि के अवसर पर फिल्म का फर्स्ट लुक और भक्ति गीत ‘जगदम्बे रानी’ रिलीज किया गया। इस मौके पर फिल्म की टीम ने मुंबई स्थित प्रसिद्ध मुंबा देवी मंदिर में माथा टेककर मां का आशीर्वाद लिया।गौरांग भास्कर के प्रोडक्शन में बन रही इस फिल्म का निर्देशन धीरज कुमार कर रहे हैं। फिल्म में टेरेंस लुईस के साथ पद्मिनी कोल्हापुरे, चंदन रॉय और आयशा ऐमन अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इस फिल्म के साथ निर्देशक धीरज कुमार भी निर्देशन के क्षेत्र में अपनी शुरुआत कर रहे हैं।
फिल्म को लेकर टेरेंस लुईस ने कहा, “‘आज का महिषासुर’ से अपना फिल्मी सफर शुरू करना मेरे लिए बेहद खास अनुभव है। इसकी कहानी मनोरंजक होने के साथ सोचने पर भी मजबूर करती है। यह केवल पौराणिक महिषासुर की बात नहीं करती, बल्कि आज के समाज की उन कड़वी सच्चाइयों को भी सामने लाती है, जिन्हें अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है। बुराई हमारे आसपास ही नहीं, बल्कि कई बार हमारे भीतर भी छिपी होती है। ऐसी कहानी का हिस्सा बनना, जो मनोरंजन के साथ सामाजिक संदेश भी देती है, मेरे फिल्मी डेब्यू को खास बनाता है।”
फिल्म के भक्ति गीत ‘जगदम्बे रानी’ को अमोल और अभिषेक ने संगीतबद्ध किया है, जबकि इसके बोल अभिषेक टैलेंटेड ने लिखे हैं। गीत को देव नेगी, दिव्या कुमार, अमोल श्रीवास्तव और अभिषेक टैलेंटेड ने अपनी आवाज दी है।
नवरात्रि का पर्व मां दुर्गा की महिषासुर पर विजय और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इसी भाव को केंद्र में रखकर बनाई जा रही ‘आज का महिषासुर’ आधुनिक समाज में मौजूद बुराइयों को उजागर करने का प्रयास करती है। फिल्म के जरिए यह सवाल उठाया गया है कि असली महिषासुर कौन है-समाज में छिपी बुराई या इंसान के भीतर पल रही नकारात्मकता।

