दतिया: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री धार्मिक नगरी दतिया पहुंचे। यहां उन्होंने प्रसिद्ध मां पीतांबरा पीठ में मां पीतांबरा और मां बगलामुखी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने महाभारतकालीन वनखंडेश्वर महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। उनके दतिया पहुंचने पर पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने स्वागत किया। इसके बाद धीरेंद्र शास्त्री उनके निवास पर भी पहुंचे, जहां उनका स्वागत-सत्कार किया गया।
दर्शन-पूजन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने हिंदुत्व और सनातन धर्म को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि आज सनातन धर्म और हिंदुत्व को न तो मुसलमानों से खतरा है और न ही ईसाइयों से, बल्कि हिंदुओं को हिंदुओं से ज्यादा खतरा है।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वह यहां किसी को समझाने नहीं, बल्कि लोगों को जगाने आए हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया में जो भी जगाने का काम करता है, उसकी वैचारिक या शारीरिक हत्या होती है। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि मुर्गा लोगों को जगाने का काम करता है और वही सबसे ज्यादा काटा जाता है।
धीरेंद्र शास्त्री के दतिया आगमन के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला। उनके बयान के बाद हिंदुत्व और समाज की भूमिका को लेकर उनकी कही गई बातें चर्चा का विषय बनीं
