भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गरिमामय उपस्थिति में दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र का तीसरा प्रतिभा सम्मान समारोह 12 जुलाई को शाम 4 बजे रविन्द्र भवन के हंसध्वनि सभागार में आयोजित होगा। विधायक भगवानदास सबनानी के मार्गदर्शन में नवप्रयास सांस्कृतिक एवं सामाजिक विकास समिति द्वारा आयोजित इस समारोह में करीब 550 मेधावी विद्यार्थियों और विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा। समारोह में वर्ष 2025-26 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक तथा स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा खेल, साहित्य, संगीत, कला, विज्ञान, तकनीकी नवाचार, सामाजिक सेवा और पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मान मिलेगा। विधायक सबनानी ने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं की मेहनत, उपलब्धियों और सपनों को सम्मान देने का सामाजिक अभियान है।
