सीधी। सोनांचल बस स्टैंड बचाओ, व्यापार बचाओ संघर्ष समिति के तत्वावधान में आज नीलम होटल, सीधी में सीधी विधानसभा के पूर्व विधायक एवं समिति के संरक्षक पंडित केदारनाथ शुक्ला के नेतृत्व में शहर के प्रमुख नागरिकों, व्यापारियों एवं समाजसेवियों की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।बैठक में पुराने सोनांचल बस स्टैंड को बचाने तथा उससे जुड़े छोटे व्यापारियों और फुटपाथ व्यवसायियों के हितों की रक्षा के लिए चलाए जा रहे संघर्ष पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित लोगों ने इस जनहित के मुद्दे पर अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए।
बैठक के दौरान पूर्व विधायक एवं समिति के संरक्षक पंडित केदारनाथ शुक्ला के मार्गदर्शन में सभी उपस्थित सदस्यों ने विचार-विमर्श किया। इसके उपरांत समिति के सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से संघर्ष के नेतृत्वकर्ता श्री सुनील चौधरी को सोनांचल बस स्टैंड बचाओ, व्यापार बचाओ संघर्ष समिति का अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
इस अवसर पर समिति के आगामी कार्यक्रमों, आंदोलन की दिशा तथा पुराने बस स्टैंड से जुड़े व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए आगे की रणनीति पर भी चर्चा की गई।
इस बैठक का उद्देश्य सभी वर्गों के लोगों से विचार-विमर्श कर उनके सुझाव प्राप्त करना तथा सोनांचल बस स्टैंड को बचाने और व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए आगे की कार्यवाही की दिशा निर्धारित करना है।संघर्ष समिति की ओर से सभी प्रबुद्ध नागरिकों, समाजसेवियों, व्यापारियों एवं जनहित में रुचि रखने वाले लोगों से बैठक में उपस्थित होकर अपने विचार एवं सुझाव देने की अपील की गई है।
15 अक्टूबर को सुंदर पैलेस में होगी महत्वपूर्ण बैठक
बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, आगामी 15 अक्टूबर 2026 को पटेल पुल, सीधी के पास स्थित सुंदर पैलेस में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में सीधी शहर के समस्त आम नागरिकों, वरिष्ठ समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों, प्रबुद्धजनों, व्यापारियों एवं शुभचिंतकों को आमंत्रित किया गया है।
बैठक में ये लोग रहे उपस्थित
बैठक में आशीष जायसवाल (मोनू), सूरज सिंह, जितेंद्र कचेर, टिंकू खान, अनिल सिंह, संजय सोनी, पवन कचेर, मोहम्मद रिजवान, रोहित शुक्ला, दान प्रसाद पटेल, जितेंद्र शर्मा, सिया कचेर, पुष्पा कचेर, सीता चौधरी, शारदा सोनी, सर्वजीत त्रिपाठी, राजेश चौरसिया, अम्बुज सिंह चौहान, शहीद असलम, गोपाल प्रसाद गुप्ता एवं वीरेंद्र गुप्ता सहित अन्य व्यापारी एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
