ग्वालियर: ग्वालियर में आज बुधवार को महाराणा प्रताप की जयंती बड़े ही उत्साह, पारंपरिक शौर्य और धूमधाम के साथ मनाई गई. इस अवसर पर ग्वालियर शहर के विभिन्न हिस्सों में क्षत्रिय समाज और युवाओं द्वारा कई भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. महाराणा प्रताप चंबल ग्रुप और स्थानीय युवा संगठनों के नेतृत्व में शहर में एक विशाल शौर्य वाहन रैली निकाली गई. इसमें हजारों की संख्या में युवा हाथों में भगवा ध्वज लिए शामिल हुए.
शहर के प्रमुख चौराहे गोले का मंदिर चौराहा स्थित महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दूध और गंगाजल से जलाभिषेक किया गया तथा माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया. अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा तथा विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में महाराणा प्रताप के जीवन दर्शन, उनके त्याग और स्वाभिमान पर आधारित व्याख्यान और गोष्ठियां आयोजित की गईं, ताकि आने वाली पीढ़ी उनके अटूट साहस से प्रेरणा ले सके.
ग्वालियर पूर्व विधानसभा के विधायक डॉ. सतीश सिकरवार ने वीरता, स्वाभिमान, त्याग और राष्ट्रभक्ति के अमर प्रतीक, राष्ट्र गौरव वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। एमपीसीटी कॉलेज में भी श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई।
