इंदौर: गंभीर बीमारी से पीड़ित मासूम अनिका शर्मा के जीवनरक्षक इलाज के लिए आर्थिक सहायता अभियान को बड़ी सफलता मिली है. सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर प्रतीक क्वात्रा और टू होप फाउंडेशन की ओर से 1.20 करोड़ रुपए की मदद दी गई है. इसके साथ ही अब इलाज के लिए आवश्यक राशि लगभग पूरी होने के करीब पहुंच गई है.
ज्ञात हो कि अनिका को एक दुर्लभ बीमारी के इलाज के लिए करीब 9 करोड़ रुपए के इंजेक्शन की जरूरत है.
अब तक अभियान के तहत लगभग 8.25 करोड़ रुपए एकत्रित किए जा चुके हैं। शेष राशि जुटाने के लिए प्रयास जारी हैं. बताया जा रहा है कि करीब 50 लाख रुपए और जुटते ही इलाज की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.अनिका के माता पिता पिछले कई महीनों से अलग अलग शहरों में कैंप लगाकर और लोगों से सहयोग जुटाकर राशि एकत्रित कर रहे हैं. कई सामाजिक संगठनों और लोगों ने आगे आकर मदद की है. इलाज की लागत का बड़ा हिस्सा पहले ही जमा हो चुका है, लेकिन अंतिम चरण की राशि को लेकर परिवार चिंतित था.
इस बीच अनिका की हालत को लेकर भी चिकित्सकीय रूप से चिंता बनी हुई है. बताया गया है कि इलाज के नियमों के अनुसार उसका वजन सीमित दायरे में होना जरूरी है, जिसके चलते वह लंबे समय से लिक्विड डाइट पर है और कमजोरी की स्थिति में है. संस्थाओं की ओर से मिली 1.20 करोड़ की यह सहायता अब तक की सबसे बड़ी व्यक्तिगत/संस्थागत मदद मानी जा रही है, जिससे इलाज अभियान को नई दिशा मिली है. अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि शेष राशि भी जल्द जुटाने के प्रयास तेज कर दिए हैं, ताकि अनिका का इलाज समय पर शुरू हो सके.
