ग्वालियर: माँ अष्टभुजी मंदिर, करह संप्रदा में देवी भागवत महापुराण कथा का आयोजन चल रहा है जिसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में भक्त पहुँच रहे हैं।पांचवे दिन सोमवार को पंडित दिनेश शास्त्री दंदरौआ धाम ने कहा कि माँ दुर्गा की कृपा ही हर जीव का कल्याण करती है। देवी पुराण में मां दुर्गा की स्तुति के साथ मां दुर्गा के विभिन्न स्वरुपों का वर्णन सुनने को मिलता है, धन्य हैं वह लोग जो माँ दुर्गा की महिमा का गुणगान देवी पुराणों में सुनते हैं। देवी पुराण साक्षात माँ दुर्गा है।
उन्होंने कहा कि हम जीवन में व्रत करें न करें लेकिन एक व्रत व्यक्ति को हमेशा करना चाहिए। यदि व्यक्ति मन की बुराईयों को त्याग दे तो यह भी किसी व्रत से कम नहीं है। कथा के दौरान पंडित दिनेश शास्त्री ने कहा कि अनादि काल से चली आ रही परंपरा को हमें बनाये रखना है। इस संसार में मां के बिना व्यक्ति का जीवन असतित्व में नहीं आता, मां ही जीवन का कल्याण करती है, देवी माँ की उपासना करनी चाहिए। जिस घर में नारी का सम्मान होता है वहाँ हमेशा माँ दुर्गा एवं भगवान की कृपा होती है परिवार धनधान्य से परिपूर्ण रहता है, नारी की महिमा अपरंपार है, नारी के बिना जीवन की कल्पना अधूरी है। देवी भागवत महापुराण कथा के पांचवे दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा का श्रवण किया।
