
रीवा। दहेज की खातिर पति से प्रताडि़त पत्नी ने दुनिया को ही अलविदा कह दिया है और पति की खुशियों के खातिर खुद की जान न्योछावर कर दी है.
घटना सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवगांव की है घटना स्थल पर मिले सुसाइड नोट के बाद पुलिस ने पति को पूछताछ के लिए थाने ले गई है. घटना के संबंध में मृतिका संध्या यादव निवासी महाजन टोला के चाचा शिव यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते आठ माह पूर्व उन्होंने अपनी भतीजी की शादी सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत देवगांव में की थी. चाचा ने बताया की शादी के कुछ दिन बाद ही पति द्वारा लगातार संध्या को प्रताडि़त किया जाता रहा और साढ़े तीन लाख रुपए बतौर दहेज की मांग की जाती रही.उन्होने ने बताया कि बेटी की खुशियों की खातिर 2 लाख रुपए दिए भी गए थे इसके बावजूद भी पति द्वारा संध्या को लगातार प्रताडि़त किया जा रहा था. चार दिन से उसे खाना नहीं दिया गया था और उसके साथ मारपीट भी की गई थी. चाचा के मुताबिक घटनास्थल पर एक सुसाइड नोट मिला है जिसमें संध्या ने अपने साथ घटी पूरी घटना की कहानी बयां की है. पत्र में मारपीट और दहेज का भी उल्लेख किया गया है जिसे सेमरिया पुलिस ने जप्त कर लिया है. पुलिस मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच कर रही है और पति से भी पूछताछ थाने में की जा रही है.
