निशिन, (जापान) 17 सितंबर (वार्ता) पाकिस्तान की विकेटकीपर-बल्लेबाज मुनीबा अली मां की बीमारी के कारण घर लौट गई हैं और जापान में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में महिला क्रिकेट टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेंगी। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) उनकी जगह किसी और खिलाड़ी को टीम में शामिल नहीं करेगा, क्योंकि टूर्नामेंट नॉकआउट प्रारूप में खेला जा रहा है और 22 सितंबर को खत्म हो जाएगा, जिससे लॉजिस्टिक्स और समय की दिक्कतें हैं।
मुनीबा की गैर-मौजूदगी में गुल फिरोजो विकेटकीपिंग करेंगी – जैसा कि उन्होंने थाईलैंड के खिलाफ़ शुरुआती मैच में किया था – और ओपनिंग भी करेंगी। फिरोजा हाल ही में दुबई में हुए एशिया कप में पाकिस्तान के लिए नंबर 3 पर खेल रही थीं। उससे पहले टी-20 विश्वकप के दौरान, फिरोजा ने मुनीबा के साथ ओपनिंग की थी और नीदरलैंड्स के खिलाफ़ अपने आखिरी लीग मैच में नाबाद 63 रन बनाए थे। मुनीबा पाकिस्तान टीम की सीनियर खिलाड़ियों में से एक हैं और एशिया कप में अपनी टीम की ओर से अर्धशतक लगाने वाली एकमात्र बल्लेबाज थीं। उन्होंने जुलाई में श्रीलंका के खिलाफ़ द्विपक्षीय टी-20 सीरीज में टीम की कप्तानी भी की थी, जब रेगुलर कप्तान फ़ातिमा सना ‘द विमेंस हंड्रेड’ में बर्मिंघम फ़ीनिक्स का प्रतिनिधित्व करने के लिए इंग्लैंड गई हुई थीं।

