
इटारसी। रेलवे के वाणिज्य विभाग की टीम ने इटारसी रेलवे स्टेशन पर टिकट चैकिंग अभियान के माध्यम से 190 ऐसे यात्रियों से जुर्माना वसूला जो या तो बिना टिकट, या बिना उपयुक्त टिकट के मिले। आज 25 अप्रैल को इटारसी स्टेशन पर सुबह 06 बजे से दोपहर 02 बजे तक वाणिज्य विभाग ने टिकट चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान का संचालन के के उइके, मुख्य टिकट निरीक्षक के नेतृत्व में 20 टिकट चेकिंग स्टाफ के सहयोग से किया। इस दौरान स्टेशन के सभी बाहर जाने वाले मार्गों की घेराबंदी की गई ताकि कोई भी यात्री बिना टिकट जांच के बाहर न निकल सके। इस अभियान के अंतर्गत कुल 39 ट्रेनों के यात्रियों के टिकटों की जांच की गई।
जांच के दौरान 104 यात्री बिना टिकट यात्रा करते हुए पाए गए, जिनसे 68,505 रुपए की राशि वसूली गई। वहीं, 86 यात्री अनुचित टिकट के साथ यात्रा करते हुए पकड़े गए, जिनसे 43,175 रुपए वसूले गए। इस प्रकार कुल 190 मामलों से 1,11,680 रुपए का रेल राजस्व प्राप्त हुआ। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि यह अभियान यात्रियों को जागरूक करने और टिकट नियमों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया था।
