आईटी कंपनियों में लिवाली से शेयर बाजारों में तेजी

मुंबई, 09 सितंबर (वार्ता) आईटी और एफएमसीजी कंपनियों में लिवाली से मंगलवार को घरेलू शेयर बाजारों में लगातार दूसरे दिन तेजी रही और प्रमुख सूचकांक दो सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गये।

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 314.02 अंक (0.39 प्रतिशत) की बढ़त में 81,101.32 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 95.45 अंक की मजबूती के साथ 24,868.60 अंक पर पहुंच गया। यह दोनों सूचकांकों का 25 अगस्त के बाद का उच्चतम स्तर है।

अमेरिका में दो संघीय अदालतों द्वारा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आपातकालीन प्रावधानों के तहत 01 अगस्त से लगाये गये मनमाने आयात शुल्क को अवैध करार देने के बाद निवेशकों में आयात शुल्क दोबारा कम होने की उम्मीद जगी है। उन्होंने आईटी कंपनियों में जमकर लिवाली की।

सेंसेक्स में इंफोसिस का शेयर 5.03 प्रतिशत उछल गया। टेक महिंद्रा का शेयर 2.42 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजीज का 1.78 और टीसीएस का एक प्रतिशत की बढ़त में बंद हुआ। अडानी पोर्ट्स में भी 2.40 फीसदी की तेजी रही। सेंसेक्स 342.39 अंक की तेजी के साथ 81,129.69 अंक पर खुला और पूरे दिन सीमित दायरे में रहा। यह नीचे 80,927.97 अंक और ऊपर 81,181.37 अंक तक गया। इसी प्रकार, निफ्टी-50 भी 90.95 अंक चढ़कर 24,864.10 अंक पर खुला। इसका दिवस का निचला स्तर 24,814 अंक और उच्चतम स्तर 24,891.80 अंक रहा।

मझौली और छोटी कंपनियों में भी तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.28 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.34 प्रतिशत चढ़ गया। आईटी के अलावा एफएमसीजी, फार्मा और स्वास्थ्य सेक्टर में भी निवेशकों ने अच्छी लिवाली की। तेल एवं गैस और रियलिटी सेक्टरों में बिकवाली हावी रही।

सेंसेक्स में सनफार्मा, बजाज फिनसर्व, हिंदुस्तान यूनीलिवर, आईटीसी, कोटक महिंद्रा बैंक और एशियन पेंट्स के शेयर भी हरे निशान में रहे। मारुति सुजुकी, भारती एयरटेल और टाटा स्टील में भी तेजी रही। ट्रेंट में सबसे अधिक 1.79 प्रतिशत की गिरावट रही। इटरनल का शेयर 1.18 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट का 0.91, एनटीपीसी का 0.75 और टाइटन का 0.55 प्रतिशत फिसल गया।

एशियाई शेयर बाजारों में मिलाजुला रुख रहा। जापान का निक्केई 0.42 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.51 प्रतिशत टूट गया। वहीं, हांगकांग के हैंगसेंग में 1.19 प्रतिशत की तेजी रही। यूरोप में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.56 प्रतिशत नीचे था जबकि ब्रिटेन का एफटीएसई 0.09 फीसदी ऊपर बना हुआ था।

Next Post

कौशल महोत्सव 2025 का आयोजन लखनऊ में 16-17 सितंबर को

Tue Sep 9 , 2025
नयी दिल्ली, 9 सितंबर (वार्ता) कौशल एवं उद्यमशीलता विकास मंत्रालय के तत्वावधान में लखनऊ में 16-17 सितंबर को कौशल महोत्सव आयोजित किया जा रहा है जिसमें 100 से अधिक नियोक्ता भाग लेंगे। मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया , ‘कौशल महोत्सव 2025 इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, बैंकिंग, वित्तीय सेवा […]

You May Like