मुंबई, 06 जुलाई (वार्ता) निर्देशक आकाशादित्य लामा की फिल्म दुल्हनिया ले आएगी का नया गीत कर ले शादी रिलीज़ हो गया है। गीत में महेश मांजरेकर और खुशाली कुमार के बीच पिता-पुत्री के स्नेहपूर्ण रिश्ते और हल्की-फुल्की नोकझोंक को मनोरंजक अंदाज में दिखाया गया है। गीत की खास हुक लाइन ‘कर ले शादी, ना समझ इसको बर्बादी’ इसे आकर्षक बनाती है। पारिवारिक भावनाओं, हास्य और चुलबुले अंदाज से भरपूर यह गीत फिल्म की फैमिली एंटरटेनर थीम की झलक पेश करता है।
गीत को जाज़िम शर्मा, दीपाली साठे और रिमी धर ने अपनी आवाज़ दी है। संगीत जाज़िम शर्मा ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल जे.पी. गंगवार ने लिखे हैं।
आकाशादित्य लामा ने कहा कि ‘कर ले शादी’ ऐसा गीत है जो दर्शकों के चेहरे पर मुस्कान छोड़ जाएगा। उन्होंने कहा कि यह एक पिता और बेटी के बीच की मजेदार बातचीत को दर्शाता है और इसकी हुक लाइन फिल्म के हल्के-फुल्के अंदाज की पहचान है। उन्होंने महेश मांजरेकर और खुशाली कुमार की केमिस्ट्री तथा कॉमिक टाइमिंग की भी सराहना की। सिद्धार्थ बनर्जी, आकाशादित्य लामा और विकास अग्रवाल द्वारा निर्मित इस फिल्म में खुशाली कुमार, पियूष मिश्रा और महेश मांजरेकर प्रमुख भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म 24 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

