भोले बाबा की धूम-धाम व गाजे-बाजे के साथ निकली भव्य बारात

० महाशिवरात्रि पर शहर में निकली भोले बाबा की बारात देखने उमड़े शहरवासी, फूलमती मंदिर में धूमधाम से हुआ शिव-पार्वती विवाह

नवभारत न्यूज

सीधी 26 फरवरी। शहर में आज युवा व्यापारी संघ सीधी द्वारा महाशिवरात्रि पर भोलेबाबा की भव्य बारात स्थानीय सम्राट चौक से शाम 5 बजे निकाली गई। बारात में शिव भक्त युवा वर्ग, मातृ शक्तियां एवं वरिष्ट जन सम्मिलित हुए। शिव बारात का शुभारंभ शिव जी की आराधना एवं भव्य आरती के साथ हुआ। इसके उपरांत भोलेनाथ की बारात ने सम्राट चौक से प्रस्थान किया।

बारात के शुभारंभ में विकास भवन के सामने बारातियों का भव्य स्वागत किया गया तथा भगवान शिव की पूजा-अर्चना हुई। पुराना बस स्टैण्ड में सोनांचल सेवा समिति द्वारा बारातियों का भव्य स्वागत किया गया तथा शिव की आराधना हुई। बारात में दूल्हे भोलेनाथ के साथ सभी बाराती बैण्ड और डीजे की धुन पर थिरकते हुए फूलमती मंदिर पहुंचे। यहां रात करीब 9 बजे से भोलेनाथ का पार्वती जी के साथ विवाह कार्यक्रम शुरू किया गया। विवाह संपन्न होने के पश्चात यहां व्यापारी संघ द्वारा महाप्रसाद का वितरण भी किया गया। बारात में शामिल होने वाले सभी भक्तगण पीले वस्त्र में शामिल रहे। महाशिवरात्रि पर निकाली गई बारात में देवी-देवताओं के साथ ही साधू संतों, अघोरियों को भी आमंत्रित किया गया था।

इस दौरान व्यापारी संघ अध्यक्ष लालचंद गुप्ता के मार्गदर्शन में युवा व्यापारी संघ के अध्यक्ष सनी मोटवानी, कार्यकारी अध्यक्ष रत्नीश सोनी, महामंत्री मयंक बत्रा, अमित गुप्ता, पंकज कुशवाहा, अजीत सिंह, सतीश गुप्ता, अमित सिंह सेंगर, ओमप्रकाश सिंह, धीरज सिंह, वीरेन्द्र गुप्ता, राहुल गुप्ता एवं अन्य पदाधिकारियों के विशेष योगदान से कार्यक्रम पूरी भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। भोलेबाबा की बारात में वरिष्ठ अधिवक्ता चन्द्रमोहन गुप्ता, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह मुन्नू, पूर्व भाजपा अध्यक्ष इंद्रशरण सिंह, समाजसेवी डॉ.अनूप मिश्रा, कमल कामदार, भीम कामदार, भाजपा नेत्री अंजू पाठक, विभा शर्मा समेत हजारों की संख्या में व्यवसायी, गणमान्य नागरिक शामिल रहे।

००

भगवान शिव की बारात का हुआ भव्य स्वागत

शहर में भगवान शिव की निकाली गई बारात का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। स्वागत करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। बारात में शामिल बारातियों द्वारा डीजे की धुन में थिरकते हुए सम्राट चौक से लेकर अस्पताल तिराहा, लालता चौक, सोनांचल बस स्टैण्ड, पटेल पुल, अमहा फूलमती मंदिर तक की दूरी तय की गई। शिव जी की बारात में हजारों बाराती शामिल रहे। भगवान शिव के बारात में बाराती बनने का सौभाग्य मिलने से बारातियों में काफी उत्साह नजर आया। खासतौर से अघोरी राक्षस बने बाराती सबसे ज्यादा आकर्षण का केन्द्र रहे।

००

होली खेलैं मसाने… की धुन पर खूब नाचे अघोरी

कलर्स इंवेन्ट्र जबलपुर के तीन दर्जन कलाकारों द्वारा आज निकाली गई शिव बारात में अघोरी राक्षस का रूप धरकर होली खेलैं मसाने… की धुन पर खूब नाचते रहे। अघोरी राक्षस बाराती लोगों के बीच काफी आकर्षण का केन्द्र बने रहे। वहीं सागर से 20 झांझ डमरू के कलाकार आकर्षक का केन्द्र रहे। इनके द्वारा डीजे, ताशा, बैंड बाजे की धुन में झूमते और नाचते हुए भगवान शिव की बारात निकाली गई। बारात में हजारों शिव भक्त शामिल होकर इस भव्य कार्यक्रम के साक्षी बने।

००

आकर्षण का केन्द्र बने रहे भोलेनाथ के बाराती

महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी बाबा महादेव की भव्य बारात शहर में निकली। भोलेनाथ के बारात में शामिल बाराती आकर्षण का केन्द्र बने रहे। बारात में युवा व्यापारियों की सहभागिता काफी बढ़-चढक़र थी। बारात में युवा व्यवसायी सतीश गुप्ता समेत सैकड़ों लोग शामिल रहे। भोलेनाथ की बारात शहर में आकर्षण का केन्द्र बनी रही। शाम को सम्राट चौक से रवाना होने के साथ ही फूलमती मंदिर तक हजारों की संख्या में श्रद्धालु बारात का स्वागत करते रहे।

००००००००००००

Next Post

लकवा ठीक करने पिया था मिट्टी तेल, 5वें दिन मौत

Wed Feb 26 , 2025
जबलपुर। अधारताल थाना अंतर्गत जवाहर नगर निवासी  एक लकवाग्रस्त बुजुर्ग ने मिट्टी तेल पी लिया था, हालत बिगडऩे पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन बुधवार दोपहर उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक जवाहरनगर निवासी इंद्रजीत भोला (78) को लकवा लग गया था, जिसे किसी ने बताया […]

You May Like