
रीवा, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने जिला न्यायालय परिसर में बनाये गये अस्पताल का लोकार्पण किया. उप मुख्यमंत्री ने 87 लाख रूपये की लागत से बनाई जा रही पार्किंग का भूमिपूजन किया. उप मुख्यमंत्री ने न्यायालय परिसर में पौधेरोपित करके पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा विधिउद्यान का लोकार्पण किया. इस अवसर पर आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि न्यायालय परिसर में अस्पताल शुरू हो जाने से सभी को आपातकाल में चिकित्सा सेवाएं मिलेगी. परिसर को हरा-भरा बनाने के लिए विधिउद्यान का निर्माण किया गया है. हर व्यक्ति कम से कम पांच पौधे रोपित करके पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें. पौधे हमें प्रांण वायु आक्सीजन, शीतल छाया और फल देते हैं.
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा जिला न्यायालय परिसर देश के सबसे सुन्दर परिसर में एक है. इसमें अगले माह नवनिर्मित टंकी से कनेक्शन जोडक़र पानी की कमी दूर की जायेगी. विधायक निधि से 87 लाख रूपये से पार्किंग का निर्माण शुरू हो गया है. इसमें लगभग 100 चार पहिया वाहन तथा 300 दो पहिया वाहनों को रखने की सुविधा होगी. न्यायालय परिसर की साफ-सफाई के लिए सफाई कर्मियों के 25 पद मंजूर हो गये हैं. नगर निगम शीघ्र ही सफाई कर्मियों की व्यवस्था करेगा. भवन में चार लिफ्ट लगाने के लिए भी 2.5 करोड़ रूपये मंजूर हो गये हैं. अगले कुछ ही महीनों में न्यायालय परिसर अपने पूर्ण विकसित और व्यवस्थित रूप में सबके सामने होगा. रीवा तेजी से विकास कर रहा है. इसके विकास में जो बांधाएं आयेंगी उन्हें दूर करके विकास के प्रयास संभव बनाये जायेंगे. अगस्त के पहले सप्ताह से रीवा से भोपाल और कोलकात्ता के लिए हवाई सेवा शुरू हो रही है. उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वकीलों तथा आमजनता की सुविधा के लिए जिला न्यायालय के पीछे का गेट आवागमन के लिए खोल दिया गया है.
समारोह में हाई कोर्ट मध्यप्रदेश के न्यायाधीश विवेक सिंह ने कहा कि रीवा में ननिहाल होने से मेरा पुराना नाता है. मैंने इसे 70 के दशक से देखा है. रीवा का जितना तेजी से विकास हुआ है उतना देश के किसी शहर का नहीं हुआ है. जिला न्यायालय में वकीलों की मांगों तथा सुविधाओं के संबंध में लगातार प्रयास किये जा रहे हैं. समारोह में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राकेश मोहन प्रधान ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि नवीन भवन में कक्ष आवंटन, पेयजल व्यवस्था तथा पार्किंग व्यवस्था के लिए अधिवक्ताओं के सहयोग से प्रयास किये जा रहे हैं. समारोह में जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राजेन्द्र पाण्डेय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए नवीन भवन में वकीलों के लिए कक्ष आवंटन, फर्नीचर तथा अन्य सुविधाओं की मांग रखी. समारोह में उप मुख्यमंत्री तथा अन्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया. समारोह में विशेष न्यायाधीश संदीप शर्मा, रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह, अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरूकरन सिंह, डीएफओ लोकेश निरापुरे, न्यायाधीश अभिनाशचन्द तिवारी, वरिष्ठ अधिवक्ता शिवेन्द्र उपाध्याय, घनश्याम सिंह, अन्य न्यायाधीशगण अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे. समारोह का समापन न्यायाधीश शिवानी शर्मा द्वारा आभार प्रदर्शन से हुआ.
