इंदौर: राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक युवक को निवेश के नाम पर अपना शिकार बनाया है। ठगों ने टेलीग्राम ग्रुप के जरिए ‘इंटरनेशनल मार्केट’ और एआई ट्रेडिंग बॉट का झांसा देकर फरियादी से लाखों रुपये ऐंठ लिए। गिरोह ने फर्जी प्रॉफिट प्रूफ और फर्जी चैट्स के जरिए युवक का विश्वास जीता और फिर अलग-अलग किस्तों में राशि ट्रांसफर करवा ली। पुलिस ने अज्ञात टेलीग्राम ग्रुप एडमिन के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजेंद्र नगर पुलिस के मुताबिक, फरियादी संजय बनवार पिता किशोर बनवार निवासी कुंदन नगर द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई है। फरियादी ने बताया कि 30 अक्टूबर 2025 को उन्होंने सैक्सोग्रोथ इन्वेस्टमैंट (वल्ड वाइड) नाम के एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया था।ग्रुप के एडमिन ने संजय से चैट के जरिए संपर्क किया और दावा किया कि यदि वे उनके साथ इंटरनेशनल मार्केट में ट्रेडिंग करते हैं, तो उन्हें खुद कुछ करने की जरूरत नहीं होगी।
ठगों ने बताया कि उनका ‘एआई ट्रेडिंग बॉट’ 100 प्रतिशत सटीकता के साथ निवेश करेगा और भारी मुनाफा कमा कर देगा। ग्रुप में कई अन्य सदस्य भी अपने प्रॉफिट के स्क्रीनशॉट और प्रूफ शेयर कर रहे थे। जब संजय ने उन सदस्यों से व्यक्तिगत रूप से चैट की, तो उन्होंने भी इस प्लेटफॉर्म को असली बताया जो कि संभवतः ठगों के ही साथी या फर्जी अकाउंट थे।जब संजय झांसे में आ गए, तो आरोपियों ने उनका बाइनेंस और कू-कॉइन जैसे क्रिप्टोकरेंसी ऐप्स पर अकाउंट बनवाया।
इसके बाद क्रिप्टो करेंसी दिलाने के बहाने आरोपियों ने अपनी पहचान छुपाते हुए अलग-अलग यूपीआई आईडी के माध्यम से संजय से 2,10,200 रुपये की राशि ट्रांसफर करवा ली। पैसे जमा होने के बाद जब कोई मुनाफा नहीं मिला और ग्रुप एडमिन ने बात करना बंद कर दिया, तब संजय को ठगी का अहसास हुआ। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। साइबर सेल की मदद से उन यूपीआई आईडी और टेलीग्राम ग्रुप के डिजिटल पदचिह्नों की जांच की जा रही है ताकि आरोपियों तक पहुँचा जा सके।
