मुंबई, 20 मई (वार्ता)सोनी सब के लोकप्रिय शो ‘यादें’ के सेट पर अभिनेत्री सृष्टि सिंह और गुलकी जोशी के बीच मजबूत ऑफ-स्क्रीन बॉन्डिंग चर्चा का विषय बनी हुई है। सृष्टि सिंह ने हाल ही में अपने सह-कलाकार गुलकी जोशी के साथ काम करने के अनुभव साझा करते हुए बताया कि दोनों की पर्सनैलिटी एक-दूसरे से बिल्कुल अलग होने के बावजूद सेट पर बेहतरीन संतुलन बनाती है।
यादें में सृष्टि सिंह डॉ. वाणी और गुलकी जोशी डॉ. सृष्टि अग्रवाल की भूमिका निभा रही हैं। सृष्टि सिंह ने कहा कि गुलकी जोशी का स्वभाव शांत और संयमित है, जबकि वह खुद काफी चंचल और एनर्जेटिक रहती हैं। दोनों की यह विपरीत शैली शूटिंग के माहौल को हल्का और मज़ेदार बनाए रखती है। उन्होंने बताया कि कई बार रिहर्सल और टेक्स के बीच हंसी-मज़ाक और प्रैंक्स का माहौल बन जाता है, जिससे पूरे सेट पर सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है। सृष्टि सिंह के अनुसार, अब दोनों एक-दूसरे की कार्यशैली को अच्छी तरह समझने लगी हैं, जिससे उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री भी और सहज दिखाई देती है।
‘यादें’ हर सोमवार से शनिवार रात 8 बजे सोनी सब पर प्रसारित होता है।

