भारतीय सेना का दल भारत-कजाखिस्तान संयुक्त सैन्य अभ्यास के लिए रवाना

नयी दिल्ली, 28 सितंबर (वार्ता) भारत के सशस्त्र बलों का 60 सदस्यीय दल सोमवार को कजाकिस्तान के ओस्केमेन के लिए रवाना हुआ। यह दल भारत-कजाखिस्तान संयुक्त सैन्य अभ्यास काज़िंद-2026 में हिस्सा लेगा। अभ्यास 28 सितंबर से 11 अक्टूबर तक चलेगा।
भारतीय दल में मुख्य रूप से गढ़वाल राइफल्स की एक बटालियन के जवान शामिल हैं। इसके अलावा अन्य सैन्य शाखाओं और सेवाओं के जवान तथा भारतीय वायुसेना के कर्मी भी दल का हिस्सा हैं। कजाखिस्तान की सेना भी समान संख्या में अपने जवानों को अभ्यास में उतारेगी, जिनमें मुख्य रूप से उसकी थल सेना के सैनिक होंगे।
अभ्यास का उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र के आदेश के तहत आतंकवाद विरोधी अभियानों के लिए दोनों सेनाओं के बीच तालमेल और संयुक्त क्षमता बढ़ाना है। इसमें अर्ध-शहरी और पहाड़ी इलाकों में आतंकवाद विरोधी अभियान पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
अभ्यास के दौरान संयुक्त योजना और अभियान चलाने, हवाई मदद तथा ड्रोन और ड्रोन रोधी प्रणालियों के इस्तेमाल पर ध्यान दिया जाएगा। दोनों देशों के सैनिक आतंकवादी हमलों का जवाब देने, छापेमारी, तलाशी और कार्रवाई, इलाके की घेराबंदी और तलाशी, हेलीपैड व लैंडिंग साइट की सुरक्षा तथा विशेष हेलीकॉप्टर अभियानों का अभ्यास करेंगे।
अभ्यास में संयुक्त कमान पोस्ट और खुफिया एवं निगरानी केंद्र भी बनाया जाएगा। अंत में दोनों देशों के सैनिक एक काल्पनिक आतंकवादी खतरे के खिलाफ सीखी गई रणनीति और प्रक्रियाओं का संयुक्त अभ्यास करेंगे।
काजिंद-2026 के जरिए दोनों पक्ष एक-दूसरे के सैन्य अनुभव से सीखेंगे और आपसी भरोसा व सैन्य सहयोग को मजबूत करेंगे।

.....

Next Post

न्यूनतम वेतन की मांग पर कर्मचारियों का प्रदर्शन, बोर्ड ऑफिस पर भारी पुलिस बल तैनात

Mon Sep 28 , 2026
भोपाल। बोर्ड ऑफिस इलाके में न्यूनतम वेतन दिलाने की मांग को लेकर अस्थायी और आउटसोर्स कर्मचारियों का बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। बड़ी संख्या में कर्मचारी बोर्ड ऑफिस के पास जुटे और अपनी मांगों को लेकर ‘न्यूनतम वेतन दिलाओ उपवास आंदोलन’ शुरू किया। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी […]

You May Like