भोपाल। बोर्ड ऑफिस इलाके में न्यूनतम वेतन दिलाने की मांग को लेकर अस्थायी और आउटसोर्स कर्मचारियों का बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। बड़ी संख्या में कर्मचारी बोर्ड ऑफिस के पास जुटे और अपनी मांगों को लेकर ‘न्यूनतम वेतन दिलाओ उपवास आंदोलन’ शुरू किया। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
कर्मचारियों का आरोप है कि कई विभागों में उन्हें बेहद कम वेतन पर काम करना पड़ रहा है। उनके मुताबिक कुछ कर्मचारियों को 3 से 5 हजार रुपए महीने तक का भुगतान मिल रहा है, जबकि सरकार द्वारा तय न्यूनतम मजदूरी इससे अधिक है। आंदोलन में पंचायतों के चौकीदार, सफाईकर्मी, पंप ऑपरेटर, भृत्य, लोक यूथ सर्वेयर समेत 11 वर्गों के कर्मचारी शामिल हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने न्यूनतम वेतन लागू करने और कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की है। कर्मचारियों ने यह भी कहा है कि मांग पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
