
भोपाल। देश भर में आज से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है। तेल कंपनियों ने ईंधन के दामों में करीब 3 रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि की है, जिसके बाद आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है। देश के प्रमुख महानगरों में पेट्रोल की कीमतें 97 से 108 रुपये प्रति लीटर के बीच पहुंच गई हैं, जबकि डीजल के दाम भी 90 से 98 रुपये प्रति लीटर के पार चले गए हैं।
राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गई है, वहीं मुंबई में यह 106.68 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई। राजधानी भोपाल में पेट्रोल का दाम 109.70 रुपये प्रति लीटर हो गया, जिससे वाहन चालकों और परिवहन क्षेत्र में चिंता बढ़ गई है। डीजल की कीमतों में भी समान रूप से वृद्धि हुई है, जिसका असर माल भाड़े और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
विशेषज्ञों के अनुसार मध्य पूर्व में जारी तनाव और भू-राजनीतिक संकट के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल आ रहा है। इसी का असर भारतीय बाजार पर दिखाई दे रहा है। तेल कंपनियों का कहना है कि वैश्विक स्तर पर बढ़ी लागत और आयात खर्च के कारण घरेलू बाजार में कीमतों में संशोधन करना पड़ा है।
ईंधन महंगा होने से परिवहन, कृषि और दैनिक उपयोग की वस्तुओं पर भी असर पड़ सकता है। आम नागरिकों और व्यापारिक संगठनों ने सरकार से राहत देने की मांग उठानी शुरू कर दी है।
