शौर्य भट्टाचार्य ने कपिल देव इनविटेशनल टूर चैंपियनशिप में बनाई दो शॉट की बढ़त

ग्रेटर नोएडा, 07 अक्टूबर (वार्ता) शौर्य भट्टाचार्य ने ग्रेटर नोएडा के जेपी ग्रीन्स गोल्फ एंड स्पा रिजॉर्ट में खेले जा रहे दो करोड़ रुपये की इनामी राशि वाले विश्व समुद्र प्रेजेंट्स कपिल देव इनविटेशनल टूर चैंपियनशिप पावर्ड बाय नालको के पहले राउंड में छह-अंडर 66 का स्कोर बनाकर दो शॉट की बढ़त हासिल की।

डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई पर तीन खिताब जीत चुके 23 वर्षीय भट्टाचार्य ने सात बर्डी बनाईं और दिन की अपनी एकमात्र बोगी पार-4 आठवें होल पर की।

भट्टाचार्य ने रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में 14वें स्थान पर रहते हुए टूर्नामेंट की शुरुआत की। वह इस सत्र में एक और खिताब जीतने के करीब पहुंच चुके हैं। उन्होंने फरवरी में डीपी वर्ल्ड प्लेयर्स चैंपियनशिप 2026 पावर्ड बाय अर्बाना और अगस्त में कोलार ओपन 2026 प्रेजेंटेड बाय जियोन हिल्स गोल्फ काउंटी में संयुक्त उपविजेता स्थान हासिल किया था।

डीपी वर्ल्ड टूर पर दो बार के विजेता चंडीगढ़ के शुभंकर शर्मा चार-अंडर 68 के साथ दूसरे स्थान पर रहे। उनके राउंड में पार-5 के 12वें होल पर एक ईगल, तीन बर्डी और एक बोगी शामिल रही।

बंगलादेश के जमाल हुसैन, गुरुग्राम के ध्रुव श्योरण और बेंगलुरु के मनोज एस ने दो-अंडर 70 के समान स्कोर बनाकर संयुक्त तीसरा स्थान हासिल किया। जमाल ने तीन बर्डी और एक बोगी बनाई, जबकि श्योरण ने छह बर्डी और चार बोगी दर्ज कीं। मनोज के राउंड में पांच बर्डी और तीन बोगी शामिल रहीं।

शौर्य ने शुरुआती दोनों होल पर बर्डी बनाकर जल्द ही लय हासिल कर ली। इसके बाद सटीक अप्रोच शॉट और धैर्यपूर्ण कोर्स प्रबंधन के दम पर उन्होंने अपनी लय बनाए रखी। शौर्य ने कहा, “पहले दो होल पर बर्डी से मिली मजबूत शुरुआत ने मुझे राउंड में सहज होने में मदद की। इसके बाद मैं लगातार ग्रीन हिट करता रहा और धैर्य बनाए रखा। एकमात्र बोगी निराशाजनक रही, लेकिन मैंने कुछ महत्वपूर्ण पट सफल किए।”अंतिम होल पर लंबा बर्डी पट खेल कर उन्होंने 66 के शानदार राउंड का समापन किया और अपनी बढ़त दो शॉट की कर ली।

टूर्नामेंट के विशिष्ट प्रो-एम प्रारूप में सभी चार राउंड के दौरान एमेच्योर खिलाड़ी पेशेवरों के साथ खेल रहे हैं। लंबे खेल कार्यक्रम के कारण मैदान के कुछ खिलाड़ियों को फ्लडलाइट में भी खेलना पड़ा।

रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में शीर्ष पर चल रहे सप्तक तलवार ने तीन-ओवर 75 से शुरुआत की और वह संयुक्त 36वें स्थान पर रहे।

बुधवार को प्रो-एम टूर्नामेंट प्रोफेशनल शौर्य भट्टाचार्य और एमेच्योर डॉ. हमीदी की टीम ने जीता। उनका स्कोर 44 स्टेबलफोर्ड पॉइंट्स था और उन्होंने काउंटबैक के आधार पर जीत हासिल की।

 

 

Next Post

स्वप्निल कुसाले, सरबजोत सिंह भारत की शूटिंग टीम को लीड करेंगे

Wed Oct 7 , 2026
काहिरा, 07 अक्टूबर (वार्ता) ओलंपिक मेडलिस्ट स्वप्निल कुसाले और सरबजोत सिंह गुरुवार से मिस्र के काहिरा में शुरू होने वाले आईएसएसएफ वर्ल्ड कप 2026 में 35 सदस्यों वाली भारतीय शूटिंग टीम को लीड करेंगे। काहिरा मीट राइफल और पिस्टल शूटरों के लिए साल का चौथा और आखिरी वर्ल्ड कप है। […]

You May Like