रोहित शर्मा ने वनडे में सबसे ज्यादा छक्के मारने का बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

रांची, 30 नवम्बर (वार्ता) पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने आज झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम रांची में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में तीन छक्के लगाकर वनडे में सबसे ज्यादा छक्का लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया।

रोहित शर्मा ने अब 277 वनडे मैचों में 352 छक्के जड़कर छक्का लगाने का एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी के नाम यह रिकॉर्ड था जिन्होंने 398 एक दिवसीय मैच खेलकर 351 छक्के मारे थे।

वर्तमान में रोहित के नाम 503 मैचों में कुल 19,959 रन हैं और अब वह इंटरनेशनल क्रिकेट में 20 हजार रन से केवल 61 रन दूर हैं। इससे पहले केवल सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और राहुल द्रविड़ ही 20 हजार से अधिक अंतरराष्ट्रीय रन बनाए हैं।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अब रोहित ने 56 मैचों में 61 छक्के जड़े हैं, जबकि दोनों देशों के बीच सबसे ज्यादा छक्का लगाने का रिकॉर्ड डेविड वॉर्नर के नाम है जिन्होंने 64 छक्के मारे हैं। अगर रोहित अगले मैच में चार छक्के जड़ते हैं, तो वे इस मामले में भी नंबर एक स्थान प्राप्त कर लेंगे।

रोहित ने घरेलू मैदानों पर अब तक 95 वनडे मैचों में 4924 रन बनाए हैं। अगर वे अगले वन डे मैच में 76 रन बनाते हैं घरेलू मैदानों पर वनडे मैचों में 5 हजार रन पूरे करने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे।

रोहित ने अपने 277वें वनडे मैच में यह उपलब्धि हासिल की। रोहित के अब इस तीसरे छक्के के साथ 352 छक्के हो गये है। अफरीदी ने 398 मैचों में 351 छक्के मारे थे। वेस्टइंडीज के क्रिस गेल 301 मैचों में 331 छक्कों के साथ तीसरे नंबर पर है। श्रीलंका के सनत जयसूर्या (270) चौथे और भारत महेंद्र सिंह धोनी (229) पांचवें नंबर पर है।

टेस्ट और टी-20 से संन्यास ले चुके राेहित अब केवल वनडे में खेलते है। उनके नाम तीनों प्रारुपों में कुल 645 छक्कों का विश्व रिकार्ड है। उन्होंने 67 टेस्ट में 88 छक्के, 277 वनडे में 352 छक्के और 159 टी-20 में 205 छक्के मारे है।

रांची में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहले वनडे मैच में रोहित शर्मा ने 51 गेंद में पांच चौके और तीन छक्के की मदद से 57 रन की पारी खेलकर खेल प्रेमियों का दिल जीता है।

 

Next Post

एएफसी अंडर-17 क्वालीफायर: रोमांचक मुकाबले में भारत ने ईरान को 2-1 से हराकर क्वालीफाई किया

Sun Nov 30 , 2025
अहमदाबाद, 30 नवंबर (वार्ता) एशियन फुटबॉल कन्फेडरेशन (एएफसी) अंडर-17 एशिया कप क्वालीफायर 2026 के ग्रुप ‘डी’ मैच में रविवार को महत्वपूर्ण मुकाबले में मेजबान भारत ने मजबूत ईरान को 2-1 से पटखनी दे दी। टूर्नामेंट के 10वें मैच में बड़ी संख्या में दर्शक भारतीय टीम का उत्साह बढ़ाने के लिए […]

You May Like

मनोरंजन