तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, 18 वर्षीय युवती की मौत, बुजुर्ग गंभीर घायल

देवास। बायपास रोड स्थित राजौदा जेल चौराहा के पास गुरुवार को तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतका की पहचान करीना चौहान (18 वर्ष) पिता राहुल चौहान, निवासी ग्राम मोरूखेड़ी, बरोठा के रूप में हुई है। वह अपने दादा सीताराम चौहान के साथ देवास से बाइक की सर्विसिंग कराकर घर लौट रही थी।

सीताराम चौहान ने बताया कि राजौदा जेल के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने पहले एक मारुति कार को ओवरटेक किया और इसके बाद पीछे से उनकी टीवीएस बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में करीना डंपर की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं सीताराम चौहान डंपर के नीचे फंस गए थे। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया और उपचार के लिए एमजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Next Post

फर्जी अस्पतालों को संरक्षण का आरोप, NSUI ने भोपाल CMHO पर उठाए सवाल

Thu Jan 8 , 2026
भोपाल। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने भोपाल के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. मनीष शर्मा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संगठन का आरोप है कि शहर में संचालित फर्जी अस्पतालों, अयोग्य स्टाफ और नियमविरुद्ध चल रहे मेडिकल संस्थानों को संरक्षण दिया जा रहा है। एनएसयूआई के प्रदेश […]

You May Like

मनोरंजन