
भोपाल। सीएम डॉ मोहन यादव ने भोपाल में आयोजित ग्राम रोजगार सहायक महासम्मेलन में रोजगार सहायकों को गांवों के विकास की अहम कड़ी बताया। उन्होंने कहा कि रोजगार सहायक केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि गांवों के निर्माण और आत्मनिर्भरता के सहयोगी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के डिजिटल भारत के सपने को जमीन पर उतारने में रोजगार सहायकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सम्मेलन में बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि यदि किसी ग्राम रोजगार सहायक पर किसी कारणवश आपराधिक मामला दर्ज हो जाता है और बाद में वह निर्दोष साबित होता है, तो उसे दोबारा सेवा में रखा जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में शामिल होने आते समय हादसे में जान गंवाने वाले रोजगार सहायकों गुरुजी मीणा और लखन कमोडिया को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना करते हुए दोनों मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इसके साथ ही हादसे में घायल हुए लोगों के नि:शुल्क इलाज का ऐलान करते हुए सामान्य घायलों को 50-50 हजार रुपये और गंभीर घायलों को एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा भी की।
