APO भर्ती-2025 की प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट रद्द, हाईकोर्ट का बड़ा आदेश; नए सिरे से बनेगी मेरिट लिस्ट

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में सहायक अभियोजन अधिकारी (APO) भर्ती परीक्षा को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। हाईकोर्ट ने यूपी लोक सेवा आयोग (UPPSC) की APO भर्ती-2025 की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम निरस्त कर दिया है। कोर्ट ने आयोग को नए सिरे से मेरिट लिस्ट तैयार करने और संशोधित परिणाम के आधार पर मुख्य परीक्षा कराने का निर्देश दिया है।

यह आदेश जस्टिस मनीष कुमार निगम की पीठ ने पंकज वर्मा और दो अन्य अभ्यर्थियों की याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया।

321 OBC और 43 SC अभ्यर्थियों के अंकों को लेकर उठा विवाद

मामले में सबसे अहम सवाल आरक्षित वर्ग के उन अभ्यर्थियों को सामान्य श्रेणी में शामिल करने का था, जिन्होंने सामान्य श्रेणी के अंतिम चयनित अभ्यर्थी से अधिक अंक हासिल किए थे।

सुनवाई के दौरान आयोग ने हलफनामे में स्वीकार किया कि 321 OBC और 43 SC अभ्यर्थियों के अंक सामान्य श्रेणी के अंतिम सफल अभ्यर्थी से अधिक थे। इसके बावजूद इन अभ्यर्थियों को ओपन कैटेगरी में शामिल नहीं किया गया और उन्हें उनकी आरक्षित श्रेणी में ही रखा गया।

याचिकाकर्ताओं का कहना था कि उन्होंने परीक्षा में उम्र या किसी अन्य प्रकार की छूट का लाभ नहीं लिया था। इसके बावजूद अधिक अंक होने के बाद भी उन्हें सामान्य श्रेणी में स्थान नहीं दिया गया।

कोर्ट ने ओपन कैटेगरी को लेकर क्या कहा?

हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि जनरल यानी ओपन कैटेगरी केवल सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित नहीं होती। इसमें सभी वर्गों के अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं।

यदि OBC, SC या किसी अन्य आरक्षित वर्ग का अभ्यर्थी बिना किसी छूट का लाभ लिए सामान्य श्रेणी के अंतिम सफल अभ्यर्थी से अधिक अंक प्राप्त करता है, तो उसे ओपन कैटेगरी में जगह मिलनी चाहिए।

2020 के आदेश को बनाया गया था आधार

दरअसल, आयोग ने 9 जनवरी 2020 को जारी एक कार्यालय आदेश का हवाला देते हुए व्यवस्था लागू की थी। इसके तहत बिना किसी छूट के परीक्षा देने वाले आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सामान्य श्रेणी में शामिल करने का प्रावधान अंतिम चयन के समय लागू किया जाना था।

याचिकाकर्ताओं ने इसी व्यवस्था को चुनौती दी थी। हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई के बाद प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम को रद्द कर नए सिरे से मेरिट तैयार करने का निर्देश दिया।

90 हजार से अधिक ने कराया था रजिस्ट्रेशन

APO भर्ती-2025 की प्रारंभिक परीक्षा के लिए 90 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जबकि 50 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया था।

Next Post

रूस ने विदेशी बंदरगाहों पर यूक्रेनी जहाजों पर हमलों की आशंका से इनकार नहीं किया

Wed Nov 25 , 2026
मॉस्को, 25 नवंबर (वार्ता) रूस ने लीबिया में एक रूसी सैन्य युद्धपोत पर हुए यूक्रेनी हमले के बदले में विदेशी बंदरगाहों पर यूक्रेनी जहाजों पर संभावित हमलों की आशंका से इनकार नहीं किया, जिससे इस संघर्ष के और आगे बढ़ने के संकेत मिले हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या […]

You May Like