मॉस्को, 25 नवंबर (वार्ता) रूस ने लीबिया में एक रूसी सैन्य युद्धपोत पर हुए यूक्रेनी हमले के बदले में विदेशी बंदरगाहों पर यूक्रेनी जहाजों पर संभावित हमलों की आशंका से इनकार नहीं किया, जिससे इस संघर्ष के और आगे बढ़ने के संकेत मिले हैं।
यह पूछे जाने पर कि क्या रूस बेनगाजी में हुए हमले के बाद विदेशी बंदरगाहों पर यूक्रेनी जहाजों के खिलाफ हमलों पर विचार कर रहा है, रूसी राष्ट्रपति कार्यालय के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने बुधवार को कहा कि रूस यूक्रेन में अपने सैन्य लक्ष्यों को हासिल करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठायेगा।
श्री पेसकोव ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “हमारे सामने निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए विशेष सैन्य अभियान के हिस्से के रूप में जो कुछ भी करने की आवश्यकता है, वह किया जायेगा।” उन्होंने लीबिया सरकार की उस घोषणा का भी समर्थन किया, जिसमें कहा गया था कि वह बेनगाजी बंदरगाह पर हुए ‘आतंकवादी हमले’ को लेकर यूक्रेन के खिलाफ कार्रवाई करेगी।
उन्होंने कहा, “बेशक, कोई भी देश अपने सैन्य कर्मियों की जान लेने के किसी भी प्रयास को बिना सजा दिये नहीं छोड़ता।” लीबिया में हुए हमले में घायल रूसी कर्मियों की संख्या और यूक्रेन के साथ जारी संघर्ष में रूस के सैन्य हताहतों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने पत्रकारों को रक्षा मंत्रालय से जानकारी लेने को कहा।
उन्होंने जनता से आग्रह किया कि वे मंत्रालय के अलावा अन्य स्रोतों द्वारा जारी हताहतों के आंकड़ों पर भरोसा न करें। आधिकारिक आंकड़े जारी करने के लिए केवल रक्षा मंत्रालय ही अधिकृत है। उन्होंने कहा, “हताहतों के आंकड़े आधिकारिक तौर पर जारी करने वाली एकमात्र संस्था रूसी रक्षा मंत्रालय है। मेरा सुझाव है कि किसी भी अन्य आंकड़े पर ध्यान न दिया जाये।”
यूक्रेन संघर्ष पर श्री पेसकोव ने अबू धाबी में हुई त्रिपक्षीय वार्ता के विवरण के बारे में मीडिया रिपोर्टों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और रूस के इस रुख को दोहराया कि चर्चाओं की विषयवस्तु को सार्वजनिक नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा, “मैं इस समय समझौते के लिए हुई वार्ता के बारे में समाचार पत्रों के लेखों की विषयवस्तु पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहूंगा। हमने बार-बार कहा है कि हमारा इरादा इनकी विषयवस्तु को सार्वजनिक करने का नहीं है।”
एक यूरोपीय प्रतिनिधिमंडल के रूसी दौरे की संभावना के बारे में पूछे जाने पर श्री पेसकोव ने कहा कि अभी तक कोई ठोस विवरण उपलब्ध नहीं है। उन्होंने उल्लेख किया कि यूरोपीय यूनियन ने दो दिन पहले घोषणा की थी कि यूरोपीय देशों ने रूस के साथ द्विपक्षीय संपर्क नहीं रखने का फैसला किया है। उन्होंने यूक्रेन में नाटो सैनिकों की तैनाती के पूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के प्रस्ताव को भी खारिज कर दिया और यूक्रेनी क्षेत्र पर विदेशी सैन्य टुकड़ियों की उपस्थिति को ‘पूरी तरह से अस्वीकार्य’ बताया। उन्होंने कहा कि रूस ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन सहित विभिन्न स्तरों पर इस मुद्दे पर अपना रुख बार-बार स्पष्ट किया है।
जॉनसन पर निशाना साधते हुए श्री पेसकोव ने पूर्व ब्रिटिश नेता पर 2022 में संभावित समझौते को रोककर इस संघर्ष में ‘विनाशकारी भूमिका’ निभाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “हम श्री जॉनसन को जानते हैं और उनकी विनाशकारी भूमिका के बारे में भी जानते हैं। वे वही व्यक्ति हैं जिन्होंने 2022 में युद्ध को समाप्त होने से रोका था और अब भी शांति से कोसों दूर रुख अपनाए हुए हैं।”
