इंदौर: कोतवाली थाना इलाके के रानीपुरा बाजार में एक ऑटो रिक्शा चालक ने शातिर तरीके से महिला यात्री को अपना निशाना बनाया। चालक ने महिला को अपनी बातों के जाल में उलझाया और बैग में रखे करीब डेढ़ लाख रुपये के सोने के जेवर व नगदी लेकर चंपत हो गया। सेंट्रल कोतवाली पुलिस ने अज्ञात रिक्शा चालक के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, केसर बाग रोड निवासी नीतू पति कार्तिकेय चौहान ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह 11 मार्च को अपनी बहन के साथ खरीदारी करने के लिए रानीपुरा बाजार आई थीं। उनके पास एक बैग था, जिसमें 18 सोने के मोती, एक सोने का मंगलसूत्र , दो अंगूठियां और 5 हजार रुपये नगद रखे हुए थे।फरियादी नीतू ने पुलिस को बताया कि , शाम करीब 5:00 बजे उन्होंने घर जाने के लिए एक ऑटो रिक्शा को रोका और उसे केसर बाग रोड छोड़ने के लिए कहा।
सफर के दौरान रिक्शा चालक ने उन्हें अपनी बातों में उलझा लिया। इसी बीच मौका पाकर उसने शातिर तरीके से बैग चोरी कर लिया। जब महिला को बैग गायब होने का अहसास हुआ, तब तक आरोपी चालक वहां से भाग चुका था।सेंट्रल कोतवाली पुलिस ने चोरी की धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस अब रानीपुरा और केसर बाग रोड के बीच के सभी प्रमुख रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है, ताकि ऑटो रिक्शा के नंबर और चालक के हुलिए की पहचान की जा सके।
