
भोपाल। राजधानी भोपाल के शाहपुरा थाना क्षेत्र में थाने से महज 300 मीटर की दूरी पर स्थित झाड़ियों में पुलिस ने लगभग तीन माह का एक भ्रूण बरामद किया है। फिलहाल भ्रूण को किसने और क्यों फेंका, इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है.
शाहपुरा पुलिस ने इस संबंध में मर्ग कायम कर लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि कोई सुराग मिल सके। पुलिस को आशंका है कि यह भ्रूण गर्भपात के बाद यहां फेंका गया है.
इस घटना की जानकारी पुलिस को रायसेन से आए एक व्यक्ति ने दी। वह थाने में किसी शिकायत को लेकर आया था और लौटते समय उसने झाड़ियों में भ्रूण देखा। उसने तत्काल पुलिस को सूचित किया.
थाना प्रभारी लोकेंद्र ठाकुर ने बताया कि पुलिस आसपास के अस्पतालों में हाल ही में भर्ती हुई गर्भवती महिलाओं की जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही, रघुनाथ नगर की ओर आने वाले सभी रास्तों के सीसीटीवी फुटेज भी बारीकी से देखे जा रहे हैं। पुलिस को उम्मीद है कि इन प्रयासों से उन्हें कोई महत्वपूर्ण सुराग मिल सकेगा, जिससे भ्रूण को फेंकने वाले का पता चल पाएगा।
