नयी दिल्ली, 18 अक्टूबर (वार्ता) अनिर्बान लाहिड़ी (70-73-69-68) ने डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में 2025 के निराशाजनक नतीजे को पीछे छोड़ते हुए रविवार को बोगी-फ़्री रन के साथ आठ-अंडर 280 पर 23वें स्थान पर रहते हुए सबसे अच्छे भारतीय खिलाड़ी के रूप में उभरे। अनिर्बान ने कहा, “मैंने कुल मिलाकर ठीक-ठाक खेला, हालांकि मैंने जितने लूज़ शॉट मारे, उतने मुझे पसंद नहीं थे। आज 20 होल बोगी-फ्री खेलना, सिक्स-अंडर में, मुझे बेहतर महसूस कराता है।लेकिन यह अभी भी वैसा परफॉर्मेंस नहीं था जिसकी मुझे उम्मीद थी, और मुझे पता है कि मैं और बेहतर कर सकता हूं।”
सप्तक तलवार (71-73-72-71) ने कुल वन-अंडर 287 का स्कोर किया और संयुक्त 55वें स्थान पर रहे और अपनी सीज़न की कमाई 1.02 करोड़ रुपये कर ली। इस तरह तलवार ने डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ़ मेरिट का टाइटल अपने नाम कर लिया और अब इस साल नवंबर के आखिर में नए सीज़न की शुरुआत से डीपी वर्ल्ड टूर में जाएंगे।
युवराज संधू (75-68-72-68) पांच-अंडर 283 के साथ 34वें नंबर पर रहे, उनके बाद ओम प्रकाश चौहान (68-72-71-73) चार-अंडर 284 के साथ 42वें नंबर पर रहे।
