बजट सत्र में कर्ज के मुद्दे पर सरकार को घेरेगी कांग्रेस: सिंघार

​भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के आगामी बजट सत्र से पहले प्रदेश की सियासत गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने राज्य सरकार द्वारा बार-बार लिए जा रहे कर्ज और प्रदेश के बिगड़ते वित्तीय प्रबंधन को लेकर तीखे तेवर दिखाए हैं। उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि 16 फरवरी से शुरू होने वाले सत्र में कांग्रेस इन मुद्दों पर सरकार को कटघरे में खड़ा करेगी।

​सिंघार ने सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बजट सत्र से ठीक पहले एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार 5,000 करोड़ रुपये का कर्ज लेना बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने आंकड़े पेश करते हुए बताया कि चालू वित्त वर्ष में अब तक सरकार 36 बार में कुल 67,300 करोड़ रुपये की उधारी ले चुकी है, जो राज्य की वित्तीय स्थिति पर बड़े सवालिया निशान लगाता है। आरबीआई की रिपोर्ट का हवाला देते हुए नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि देश के कुल कर्ज का करीब 5% हिस्सा अकेले मध्यप्रदेश पर है, जो प्रदेश की डरावनी आर्थिक तस्वीर को उजागर करता है।

​बजट सत्र की रणनीति साझा करते हुए उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस सदन में बढ़ते कर्ज, ब्याज के बोझ और वित्तीय पारदर्शिता पर सरकार से जवाब मांगेगी। उन्होंने मांग की कि सरकार इस उधारी का ठोस रोडमैप जनता के सामने रखे, क्योंकि मध्यप्रदेश को कर्ज के पहाड़ की नहीं बल्कि एक जवाबदेह और दूरदर्शी नीति की जरूरत है।

​इसके साथ ही, इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के मामले पर भी उन्होंने सरकार को घेरा। संवाददाताओं से चर्चा के दौरान उन्होंने इसे सरकारी संवेदनहीनता का चरम बताया और आश्वासन दिया कि कांग्रेस विधानसभा में इस त्रासदी को पूरी मजबूती से उठाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Next Post

हादसा: बैतूल में बस को बचाने के फेर में 50 फीट गहरी खाई में गिरा खाद से भरा ट्रक

Wed Feb 11 , 2026
बैतूल। बैतूल जिले में एक ट्रक सामने से आ रही बस को बचाने के प्रयास में खाई में जा गिरा। रानीपुर पुलिस सूत्रों ने बताया कि बैतूल-परासिया स्टेट हाईवे पर बंजारीमाई के पास घाट पर मंगलवार रात बड़ा हादसा हो गया। सामने से आ रही बस को बचाने के प्रयास […]

You May Like