
बैतूल। बैतूल जिले में एक ट्रक सामने से आ रही बस को बचाने के प्रयास में खाई में जा गिरा।
रानीपुर पुलिस सूत्रों ने बताया कि बैतूल-परासिया स्टेट हाईवे पर बंजारीमाई के पास घाट पर मंगलवार रात बड़ा हादसा हो गया। सामने से आ रही बस को बचाने के प्रयास में खाद से भरा ट्रक रेलिंग तोड़ते हुए करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक और क्लीनर को मामूली चोटें आईं। ट्रक नागदा से खाद की बोरियां लेकर बैतूल होते हुए सारनी जा रहा था। चालक राजेंद्र सिंह राठौड़ के अनुसार घाट पर अचानक ब्रेक फेल हो गया, इसी दौरान सामने से बस आ गई। बस को बचाने के लिए ट्रक को साइड में मोड़ने पर वह रेलिंग तोड़कर नीचे गिर गया।
हादसे के बाद चालक और क्लीनर थाने शिकायत दर्ज कराने गए थे, लेकिन रात होने के कारण पास के गांव में ही रुक गए। सुबह लौटने पर ट्रक से बैटरी, करीब 250 लीटर डीजल और 50 से अधिक खाद की बोरियां चोरी होने की जानकारी मिली।
हालांकि रानीपुर थाना प्रभारी बबीता धुर्वे ने बताया कि हादसा चालक की लापरवाही से हुआ है और अब तक चोरी की कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है। ट्रक को खाई से बाहर नहीं निकाला जा सका।
