
ग्वालियर, महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर नगर निगम ग्वालियर द्वारा गांधी प्राणी उद्यान में आयोजित वन्यप्राणी सप्ताह-2026 के तहत सोमवार को बच्चों के लिए बर्ड वॉचिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। वन्यप्राणी सप्ताह 2 से 8 अक्टूबर तक मनाया जा रहा है।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में चिड़ियाघर के आसपास बच्चों को विभिन्न पक्षियों का अवलोकन कराया गया। उन्हें पक्षियों की पहचान, उनके व्यवहार और पर्यावरण में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने विलुप्त हो रहे पक्षियों के संरक्षण के उपाय भी बताए। कार्यक्रम में करीब 80 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस अवसर पर चिड़ियाघर के क्यूरेटर गौरव परिहार, अनुराग सिंह गुर्जर, अमित देवस्थली, योगेंद्र सिंह और इकरार बेग उपस्थित रहे।
6 अक्टूबर को होगी क्विज प्रतियोगिता
वन्यप्राणी सप्ताह के तहत 6 अक्टूबर को गांधी प्राणी उद्यान में क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता प्राथमिक, माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक, तीन श्रेणियों में होगी। विद्यार्थियों को वन्यजीवों से संबंधित 50 वस्तुनिष्ठ प्रश्नों का प्रश्नपत्र दिया जाएगा, जिसे हल करने के लिए 1 घंटे 30 मिनट का समय निर्धारित किया गया है।
