
जबलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति से आज भारत की स्थिति ऐसी है कि ईरान और इजराइल दोनों ही भारत को अपना मित्र मानते हैं। असल झगड़ा ईरान और इजराइल के बीच है, लेकिन अमेरिका बिल्ली की भूमिका निभा रहा है। यह बयान बुधवार की देर रात जबलपुर पहुंचे प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास व संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दो बंदरों की लड़ाई में बिल्ली तराजू लेकर बैठती है और दोनों तरफ से रोटी खाती जाती है। ऐसे ही अमेरिका बिल्ली बनकर इस लड़ाई में भूमिका निभा रहा है। उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर भी दावा किया उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बन रही है।
प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास तथा संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का बुधवार को सतना से कार द्वारा जबलपुर आगमन हुआ। श्री विजयवर्गीय यहां स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रात 11.30 बजे जबलपुर-इंदौर एक्सप्रेस द्वारा इंदौर प्रस्थान कर गए।
